Sat. Oct 3rd, 2026

एशियन गेम्स में फिर लहराया तिरंगा: पाकिस्तान को 19 रन से शिकस्त देकर भारत बना चैंपियन, लगातार दूसरा गोल्ड मेडल जीता

डेस्क। एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट इवेंट में भारतीय टीम ने खिताबी मुकाबले में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 19 रनों से हराकर लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए इस फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 211 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट गंवाकर 192 रन ही बना सकी। बल्लेबाजों के आक्रामक खेल के बाद भारतीय गेंदबाजों के कसी हुई गेंदबाजी के बूते टीम इंडिया ने खिताब पर दोबारा कब्जा जमाया, वहीं पाकिस्तान को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।

शुरुआती झटकों के बाद अभिषेक शर्मा का पलटवार

टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत झटकों भरी रही। सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 15 और संजू सैमसन महज 2 रन बनाकर 51 के कुल योग पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने आक्रामक रुख अपनाते हुए मैच का पासा पलट दिया। अभिषेक ने मात्र 28 गेंदों में 7 छक्के और 3 चौके जड़ते हुए 61 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उन्होंने कप्तान श्रेयस अय्यर 21 रन के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े। इसके बाद ईशान किशन ने भी 20 रनों का उपयोगी योगदान देकर पारी की गति बनाए रखी।

डेथ ओवरों में तिलक वर्मा का प्रहार, बोर्ड पर टंगे 211 रन

अंतिम ओवरों में उपकप्तान तिलक वर्मा ने मोर्चा संभालते हुए पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। तिलक ने सिर्फ 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 22 गेंदों पर 4 छक्कों व 3 चौकों की बदौलत 51 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने शिवम दुबे 15 गेंदों पर 27 रन के साथ छठे विकेट के लिए केवल 30 गेंदों में 62 रनों की आक्रामक साझेदारी की। अक्षर पटेल एक रन पर नाबाद लौटे और भारत ने 211 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। पाकिस्तान की तरफ से गेंदबाजी में अहमद दानियाल और अराफात मिन्हास ने दो-दो विकेट हासिल किए।

हसन नवाज का संघर्ष बेकार, गेंदबाजों के दम पर भारत की खिताबी जीत

लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत बेहद लड़खड़ा गई। टीम ने महज 39 रन पर साहिबजादा फरहान (10), उस्मान खान (3) और माज सदाकत (23) के विकेट गंवा दिए। इसके बाद हसन नवाज और सईम अयूब (29 रन) ने चौथे विकेट के लिए 87 रन जोड़कर पारी को संभाला। हसन नवाज ने 51 गेंदों पर 96 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 7 छक्के और 5 चौके शामिल थे। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने डेथ ओवरों में दबाव बनाए रखा और नवाज की यह पारी पाकिस्तान को जीत नहीं दिला सकी। भारत की तरफ से अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट चटकाकर पाकिस्तान को 192 रन पर रोक दिया और भारत ने 19 रन से शानदार जीत दर्ज कर ली।

About The Author

इन्हें भी पढ़े