Thu. Oct 1st, 2026

बालाघाट पहुंचेंगे राहुल गांधी, आदिवासी पीड़ित परिवारों से करेंगे मुलाकात

बालाघाट न्यूज़: मध्य प्रदेश में आदिवासी बच्चों की मौत का मुद्दा राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है। इसी बीच, कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज (गुरुवार) प्रभावित परिवारों से मिलने बालाघाट जाएंगे। पिछले 15 दिनों में राहुल गांधी का मध्य प्रदेश का यह दूसरा दौरा है।कांग्रेस इसे आदिवासी समुदाय के साथ संवेदना और न्याय की लड़ाई बता रही है, जबकि भाजपा राहुल गांधी के दौरे को राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करार दे रही है। ऐसे में बालाघाट दौरे पर पूरे प्रदेश की राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।

जलगा गांव पहुंचेंगे राहुल गांधी

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, राहुल गांधी बालाघाट जिले की बैहर तहसील के जलगा गांव का दौरा करेंगे। वहां वे उन परिवारों से मिलेंगे जिन्होंने पिछले कुछ महीनों में अपने बच्चों को खो दिया है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी 30 से ज्यादा बच्चों के माता-पिता से सीधे बातचीत करेंगे और स्वास्थ्य सुविधाओं, पोषण व अन्य मुद्दों के बारे में जानकारी लेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी महाराष्ट्र के गोंदिया जिले स्थित बिरसी हवाई पट्टी पर राहुल गांधी की अगवानी करेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से बालाघाट पहुंचेंगे।

बच्चों की मौत के बाद गरमाई राजनीति

पिछले कुछ हफ्तों से राज्य की राजनीति में आदिवासी बच्चों की मौत का मुद्दा एक अहम विषय रहा है। 17 सितंबर को राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के जरिए दावा किया कि बालाघाट इलाके में 30 से ज्यादा आदिवासी बच्चों की मौत हो गई है। उन्होंने राज्य सरकार से स्वास्थ्य सेवाओं, कुपोषण, साफ पीने के पानी की उपलब्धता और बीमारियों की रोकथाम के बारे में सवाल किए। इसके बाद, कांग्रेस पार्टी ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार को घेरा और इसे पूरे राज्य में एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना दिया।

कांग्रेस ने निकाली थी न्याय यात्रा

कांग्रेस नेताओं ने बच्चों की मौत के मामले को लेकर बालाघाट में ‘न्याय यात्रा’ भी निकाली। कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और राज्य सरकार से जवाबदेही तय करने और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग की। पार्टी नेताओं का कहना है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आदिवासी इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की जरूरत है।

सरकार ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

राहुल गांधी के दौरे से पहले, बीजेपी ने कांग्रेस पर राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि राहुल गांधी बालाघाट का दौरा बहुत देर से कर रहे हैं और उनका यह दौरा सिर्फ राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है और प्रभावित इलाकों में जरूरी कदम उठाए गए हैं।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने भी उठाए सवाल

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी राहुल गांधी के दौरे पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बीजेपी राहुल गांधी का स्वागत तो करती है, लेकिन कांग्रेस को अपने पुराने राजनीतिक रिकॉर्ड का भी जवाब देना चाहिए। नक्सलवाद के दौर का जिक्र करते हुए, खंडेलवाल ने कांग्रेस नेता लेखीराम कांवरे की हत्या का मुद्दा उठाया और पूछा कि उस समय कांग्रेस ने क्या कदम उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी मौजूदा मुद्दे का राजनीतिक फायदा उठाने के लिए बालाघाट का दौरा कर रहे हैं। राहुल गांधी का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब कांग्रेस लगातार आदिवासी मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है। एक तरफ कांग्रेस इस दौरे को पीड़ित परिवारों के साथ संवेदना और न्याय की पहल बता रही है, तो दूसरी ओर भाजपा इसे राजनीतिक दौरा करार दे रही है।

कई बीमारियों को माना गया कारण

स्वास्थ्य विभाग के आकलन के अनुसार, बच्चों की मौत किसी एक बीमारी की वजह से नहीं हुई है। रिपोर्ट में खसरा, मलेरिया, सांस की तकलीफ़, डिहाइड्रेशन, कुपोषण, एनीमिया और शॉक जैसी कई स्वास्थ्य समस्याओं का जिक्र है। बताया जा रहा है कि प्रभावित ज्यादातर बच्चे बैगा और गोंड आदिवासी समुदायों से हैं।

हाईकोर्ट में भी पहुंचा मामला

मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने आदिवासी बच्चों की मौत को लेकर दायर जनहित याचिका (PIL) पर राज्य सरकार से जवाब मांगा है। कोर्ट ने संबंधित दस्तावेज और तथ्य पेश करने का निर्देश दिया है। नतीजतन, यह मामला प्रशासनिक और कानूनी, दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है। (एजेंसी)

About The Author