Wed. Sep 30th, 2026

CISF कैंप में खूनी वारदात, 4 साथियों की हत्या के पीछे बच्चे से जुड़ा विवाद

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में CISF के जिस जवान ने अपने चार साथियों की गोली मारकर हत्या कर दी, उसकी पूरी कहानी अब सामने आ गई है। आरोपी जवान की पहचान अवधेश कुमार सिंह के तौर पर हुई है। वह CISF में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है। खबरों के मुताबिक, अवधेश कुमार सिंह बिहार का रहने वाला है। उसकी पत्नी, पूजा देवी, भी CISF में ही लेडी हेड कॉन्स्टेबल हैं। मंगलवार को अवधेश ने अपने साथियों पर एके-47 से अंधाधुंध फायरिंग की थी। जिसमें असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडेय, सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल रफीक अहमद और कांस्टेबल संदीप कुमार की मौत हो गई थी।

पत्नी भी कांस्टेबल, दोनों की ड्यूटी उसी साइट पर

अवधेश कुमार सिंह ने अपने चार साथियों की हत्या जिस वजह से की, वह उनके बच्चे की कस्टडी सौंपने को लेकर हुए एक मामूली झगड़े से जुड़ी थी। असल में, अवधेश और उनकी पत्नी—लेडी हेड कॉन्स्टेबल पूजा देवी—दोनों एक ही प्रोजेक्ट साइट पर तैनात थे, लेकिन अलग-अलग शिफ्ट में काम करते थे। घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह विवाद इसलिए हुआ क्योंकि यह जोड़ा अक्सर अपने छोटे बच्चे को काम की जगह पर ले आता था। जांच अधिकारी ने बताया, “यह जोड़ा एक ही जगह पर अलग-अलग शिफ्ट में काम करता था। जब एक साथी ड्यूटी पर आता, तो वह बच्चे को साथ लाता ताकि उसे दूसरे साथी को सौंप सके जो घर लौट रहा होता था। उन्हें बच्चे को प्रोजेक्ट साइट पर न लाने के लिए कहा गया था।”

बच्चे के साथ क्वार्टर गार्ड में रहने की इजाजत नहीं

यह मामला पिछले कुछ दिनों से चल रही थी। जब भी हेड कॉन्स्टेबल अवधेश कुमार सिंह ड्यूटी पर होते थे, तो उनकी पत्नी, लेडी हेड कॉन्स्टेबल पूजा देवी, अपने बच्चे के साथ क्वार्टर गार्ड में ड्यूटी पर आती थीं। यूनिट प्रशासन ने उन्हें बच्चे को क्वार्टर गार्ड इलाके में लाने या बच्चे के साथ वहां रहने की इजाजत नहीं दी थी। एक अधिकारी ने आगे बताया, “आज भी, उनमें से एक बच्चे को दूसरे साथी को सौंपने के लिए साइट पर लाई थीं और किसी ने कंपनी कमांडर से इसकी शिकायत कर दी। इसी बात को लेकर बहस हो गई।”

कमांडेंट से शिकायत पर भड़क गए थे अवधेश

सूत्रों के मुताबिक, असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडे से अपनी शिकायत किए जाने पर अवधेश कुमार भड़क गए। गुस्से में आकर वह मेन गेट के पास मौजूद ऑपरेशन्स सेक्शन के ऑफिस में गए—जहां चार जवान मौजूद थे—और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

सीनियर अधिकारी कर रहे मामले की जांच

गोलीबारी के तुरंत बाद, CISF के दूसरे जवानों ने उसे काबू में किया और हिरासत में ले लिया। J&K पुलिस और CISF के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच चल रही है। आज सुबह, CISF नॉर्थ जोन-II के DIG एम.के. यादव ने हालात का जायजा लेने के लिए बसोहली के मशका का दौरा किया। इस मामले की जांच के लिए एक ‘कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी’ (जाँच समिति) बनाई गई है। (एजेंसी)

About The Author