Sun. Sep 27th, 2026

‘केरल में जीतें तो सब ठीक, बाकी जगह हारें तो EVM पर सवाल?’: सीएम मोहन यादव ने राहुल गांधी के दोहरे चरित्र पर उठाए सवाल

भोपाल। भारतीय निर्वाचन आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के हमलों पर मध्य प्रदेश भाजपा ने सीधा और तीखा पलटवार किया है। रविवार को राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राहुल गांधी की कार्यशैली और आरोपों की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े किए। दोनों नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब निर्वाचन आयोग संयुक्त वक्तव्य जारी कर पूरी स्थिति साफ कर चुका है, तब भी कांग्रेस केवल जनता का ध्यान भटकाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं की साख पर हमला कर रही है।

‘बिना सबूत सिर्फ संस्थाओं पर कीचड़ उछालना आदत’- हेमंत खंडेलवाल

प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस के दावों को खुली चुनौती देते हुए कहा कि राहुल गांधी आदतन निराधार आरोप लगाते हैं। खंडेलवाल ने कहा कि राहुल गांधी कभी देश की सेना के पराक्रम पर सवाल उठाते हैं तो कभी विदेशी मंचों पर जाकर भारत के लोकतंत्र को कठघरे में खड़ा करते हैं। उन्होंने चुनौती दी कि यदि कांग्रेस के पास अपने आरोपों के पक्ष में कोई एक भी पुख्ता प्रमाण है तो उसे जनता के सामने रखें, केवल बयानबाजी से संस्थाओं की विश्वसनीयता खत्म करने की कोशिश न करें। उन्होंने कहा कि लगातार चुनाव हार रही कांग्रेस को दूसरों पर आरोप मढ़ने के बजाय अपनी कमजोरियों का विश्लेषण करना चाहिए।

‘मर्यादाओं का पालन जरूरी, बड़े घर में जन्म लेने से गाली देने की छूट नहीं’— सीएम मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे जीवंत और बड़ा लोकतंत्र है, जहां हर संवैधानिक संस्था की अपनी मर्यादा और सम्मान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी बड़े परिवार में पैदा होने मात्र से किसी व्यक्ति को यह अधिकार नहीं मिल जाता कि वह देश के शीर्ष संवैधानिक पदों पर बैठे अधिकारियों का अपमान करे या उन्हें अपशब्द कहे। उन्होंने इतिहास की याद दिलाते हुए कहा कि यह वही कांग्रेस पार्टी है जिसकी शीर्ष नेता इंदिरा गांधी को कभी अदालत ने चुनाव में अयोग्य ठहरा दिया था।

दोहरे मापदंड पर प्रहार: ‘तमिलनाडु, बंगाल और यूपी में क्या हुआ?’

फॉर्म 6 और मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोपों को सीएम ने सिरे से खारिज कर दिया। डॉ. यादव ने सवाल उठाया कि जब केरल में कांग्रेस गठबंधन को चुनावी कामयाबी मिलती है तो वहां निर्वाचन प्रणाली सही मानी जाती है, लेकिन जहां-जहां जनता उन्हें नकार देती है, वहां तुरंत ईवीएम को ‘ब्लैक बॉक्स’ बताकर संवैधानिक संस्थाओं को दोषी ठहरा दिया जाता है। सीएम ने कहा कि कांग्रेस पिछले 50 वर्षों से तमिलनाडु में सत्ता से बाहर है, बंगाल, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में दशकों से हाशिए पर है; क्या वहां भी चुनाव आयोग ही जिम्मेदार था? असलियत यह है कि कांग्रेस अपना संगठनात्मक कुनबा नहीं संभाल पा रही है और अपनी विफलता का ठीकरा निष्पक्ष संस्थाओं पर फोड़ रही है।

‘प्रदर्शन के बजाय देश से माफी मांगें राहुल गांधी’

सोमवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा चुनाव आयोग के खिलाफ प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस न तो न्यायपालिका की बात सुनती है और न ही चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि सत्ता का आना-जाना लोकतंत्र की स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन कांग्रेस सत्ता से बाहर रहने की हताशा बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने दो टूक कहा कि कांग्रेस को सड़कों पर बेबुनियाद प्रदर्शन करने के बजाय देश के लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने के लिए जनता से सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगनी चाहिए।

About The Author

इन्हें भी पढ़े