Sat. Sep 26th, 2026

पारिवारिक विवाद के बीच घर में लगी आग, औरंगाबाद में 2 की मौत

औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले के कासमा थाना क्षेत्र में एक घर में लगी भीषण आग में 50 साल के मो. शमीम और उनकी 18 साल की भतीजी अफरीन परवीन की मौत हो गई। पुलिस को पारिवारिक झगड़े का शक है और शक की सुई शमीम के बड़े बेटे इश्तेखार की ओर घूम रही है।

दूसरी भतीजी को भी अस्पताल में कराया गया भर्ती

देर रात कासमा थाना क्षेत्र के मियां बिगहा गांव में एक घर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि घर के अंदर मौजूद तीन लोग इसकी चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए। गांव वाले तीनों को इलाज के लिए औरंगाबाद के सदर अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें गया के मगध मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान मो. शमीम (50) और उनकी भतीजी आफरीन परवीन (18) की मौत हो गई। वहीं दूसरी भतीजी चांदनी परवीन (16) गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है।

पारिवारिक विवाद से जोड़कर देखा जा रहा मामला

इस घटना के बाद, गांव में आग लगने की वजह को लेकर कई तरह की बातें हो रही हैं। शादाब आलम नाम के एक ग्रामीण ने पारिवारिक झगड़े का हवाला देते हुए शमीम के बड़े बेटे इश्तेखार पर घर में आग लगाने का आरोप लगाया है; हालांकि, पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इस आरोप की पुष्टि नहीं की है। ग्रामीणों के अनुसार, शमीम पिछले पांच या छह सालों से अपने जीजा की दो बेटियों, आफरीन और चांदनी, को अपने घर में रखे हुए थे। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद चलने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि इसी पारिवारिक कलह का घटना से कोई संबंध हो सकता है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

आग लगने की सूचना मिलने पर, फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कोशिश की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना के बारे में जानकारी जुटाई। मौके पर मौजूद पुलिस टीम में सदर SDPO-2 आदित्य कुमार, सर्कल इंस्पेक्टर विनय कृष्ण प्रसाद, कासमा थानाध्यक्ष रूपेश कुमार, एसआई अवधेश कुमार, एसआई नवीन कुमार और एएसआई शेख शेरे अली समेत पुलिस टीम मौजूद रही।

आग कैसे लगी, जांच में जुटी पुलिस

सदर SDPO आदित्य कुमार ने बताया कि इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है। शुरुआती जानकारी से पता चला है कि मृतक शमीम के घर पर उसके जीजा की दो बेटियाें को अपने घर में रख रहे थे और इस मामले को लेकर पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। पुलिस अब आग लगने के हालात और इसके असली कारण का पता लगाने की कोशिश कर रही है। घटना स्थल से जरूरी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी पर लगे आरोपों की भी पड़ताल कर रही है। (एजेंसी)

About The Author