Fri. Sep 25th, 2026

Nepal Plane Accident: नेपाल के जुफाल एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, लैंडिंग के दौरान अचानक निकला विमान का पहिया; हवा में अटकी रहीं 16 लोगों की सांसें

Nepal Plane Accident: नेपाल के डोल्पा जिले के जुफाल एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सीता एयरलाइंस के एक विमान के साथ लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी आ गई, जिसका खौफनाक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना के बाद से एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया और एहतियात के तौर पर सभी उड़ानों को अस्थायी तौर पर रोक दिया गया है।

लैंडिंग के दौरान अचानक निकला पहिया

जानकारी के मुताबिक, सीता एयरलाइंस का यह विमान नेपालगंज से उड़ान भरकर डोल्पा के जुफाल एयरपोर्ट पर आ रहा था। सुबह करीब 8:25 बजे जब विमान रनवे पर उतर रहा था, तभी उसका पिछला दायां पहिया अचानक निकलकर अलग हो गया। पहिया निकलने के कारण विमान असंतुलित हो गया और रनवे पर काफी दूर तक घिसटता हुआ आगे बढ़ा।

इस घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कैसे पहिया अलग होने के बाद प्लेन रनवे पर रगड़ खाते हुए रुकता है।

16 लोग थे सवार, सभी सुरक्षित

इस विमान में कुल 16 लोग सवार थे, जिनमें 13 यात्री और 3 क्रू मेंबर शामिल थे। इन यात्रियों में 7 विदेशी नागरिक भी बताए जा रहे हैं। हालांकि, गनीमत यह रही कि पायलट ने तुरंत स्थिति को भांप लिया और सूझबूझ दिखाते हुए इंजन बंद कर दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। विमान में सवार सभी 16 लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई है।

घटना के बाद विमान को रनवे से हटाने के लिए तकनीकी टीम (टेक्नीशियन) को बुलाया गया है। इस रुकावट के चलते जुफाल एयरपोर्ट पर फिलहाल सभी उड़ानों को अस्थायी तौर पर रद्द कर दिया गया है। वायरल वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और यात्रियों के सुरक्षित बचने पर राहत जता रहे हैं।

About The Author

इन्हें भी पढ़े