Wed. Sep 23rd, 2026

छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिन झमाझम बारिश के आसार, कई जिलों में अलर्ट जारी

CG Weather News: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने वाला है। अगले दो दिनों में भारी बारिश की संभावना है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में बारिश जारी है। जगदलपुर और आसपास के इलाकों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव गहरे निम्न दबाव में बदलने की संभावना है। इस सिस्टम की वजह से 23 और 24 सितबंर को दक्षिण भागों के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।रायपुर में भी भारी बारिश के संकेत मिल रहे हैं। राजधानी रायपुर में मंगलवार रात मौसम में बदलाव आया, लेकिन निवासियों को उमस भरी गर्मी से पूरी तरह राहत नहीं मिली है। बुधवार दोपहर रायपुर में बिजली और गरज के साथ भारी बारिश शुरू हो गई।

मौसम विभाग के अनुसार, 22 सितंबर को सुबह 11:30 बजे निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में 17.9 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 85.8 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास स्थित था। पिछले छह घंटों में यह लगभग 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ा है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते रहने और 23 सितंबर की रात तक विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट को पार करने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में भी इस प्रणाली का प्रभाव देखने को मिलेगा।

कई जिलों में अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने कई जिलों में सुबह 10 बजे तक के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव में तेज हवा, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग और बेमेतरा में बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

भारी बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने 23 और 24 सितंबर को दक्षिणी छत्तीसगढ़ के जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और अन्य स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी संभावना है। राजधानी रायपुर में बुधवार को एक या दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की आशंका है। अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। (एजेंसी)

About The Author

इन्हें भी पढ़े