असम में कांग्रेस काफिले पर हमला, भूपेश बघेल ने लगाया ‘गुंडाराज’ का आरोप
Assam Congress: असम में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल और PCC अध्यक्ष गौरव गोगोई के काफिले पर जानलेवा हमला किया गया। नगांव में असामाजिक तत्वों ने काफिले पर पत्थर फेंके। गनीमत रही कि दोनों नेता सुरक्षित हैं। भूपेश बघेल ने हमले के बारे में और जानकारी देते हुए कहा कि अज्ञात हमलावर कोई और नहीं बल्कि BJP के गुंडे थे। उन पर तेजाब फेंका गया। अच्छी बात यह रही कि कार की खिड़कियां बंद थीं। यह घटना साबित करती है कि राज्य में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का ‘गुंडों का राज’ चल रहा है।
हमलवार ने बाइक से किया पीछा
नौगांव में हुए हमले के बारे में कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर बताया कि मोटरसाइकिल सवार लोगों ने काफी दूर तक उनका पीछा किया। कुछ बाइकों पर बीजेपी के झंडे भी लगे थे। जानलेवा हमले में उनके कई साथी घायल हो गए। हमने पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है और इसके बाद जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की।
एक्स पर बोले भूपेश- असम में हिमंत बिस्वा सरमा सरकार का गुंडाराज
कांग्रेस के काफिले पर हुए जानलेवा हमले के बारे में बात करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि उनकी गाड़ियों पर पत्थर फेंके गए, जिससे खिड़कियां टूट गईं। अंदर बैठे AICC सचिव मनोज चौहान और अन्य साथी घायल हो गए। जिस कार में राज्य कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई और मैं यात्रा कर रहे थे, उस पर एसिड भी फेंका गया। गनीमत रही कि कार की खिड़कियां बंद थीं। आज बीजेपी का असली चेहरा एक बार फिर सबके सामने आ गया है और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का ‘गुंडा राज’ बेनकाब हो गया है।
चुनाव आयोग पर भी उठाए सवाल
भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया के जरिए चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आयोग के कामकाज को लेकर गंभीर सवाल हैं, क्योंकि आचार संहिता लागू होने के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी जिम्मेदारी होती है। उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी को लोकसभा उपचुनाव में हार का डर सता रहा है, इसीलिए वह कांग्रेस पर हमले करवा रही है। न तो कांग्रेस और न ही असम की जनता ऐसे हमलों से डरेगी। हम लड़ेंगे और जीतेंगे। (एजेंसी)

