छत्तीसगढ़ कांग्रेस का बड़ा फैसला: 20 नेताओं का निष्कासन खत्म, अमित जोगी समेत 16 की वापसी अटकी
रायपुर: छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने संगठन से निष्कासित नेताओं को लेकर बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति की बैठक में 36 नेताओं की ओर से दिए गए आवेदनों पर चर्चा के बाद 20 नेताओं को राहत दी गई है। इन नेताओं का निष्कासन तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आधिकारिक आदेश जारी किया है।
36 नेताओं ने की थी पार्टी में वापसी की मांग
प्रदेश कांग्रेस से मिली जानकारी के अनुसार, अलग-अलग मामलों में निष्कासित किए गए 36 नेताओं ने अपना निष्कासन खत्म करने के लिए पार्टी के सामने आवेदन दिया था। इन आवेदनों पर 18 सितंबर को प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति की बैठक हुई।
बैठक में सभी आवेदनों पर चर्चा के बाद 20 नेताओं का निष्कासन रद्द करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आदेश जारी कर इसकी औपचारिक घोषणा कर दी।

16 नेताओं के आवेदनों पर अभी फैसला नहीं
वहीं, 36 आवेदनों में से 16 नेताओं को अभी पार्टी के फैसले का इंतजार है। इन नेताओं के निष्कासन को लेकर फिलहाल निर्णय नहीं लिया गया है।
इनमें अमित जोगी का नाम भी शामिल है। उनके अलावा अन्य निष्कासित नेताओं की वापसी के आवेदनों पर भी पार्टी स्तर पर विचार होना बाकी है।
आदेश जारी, बाकी नेताओं को फैसले का इंतजार
अनुशासन समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर 20 नेताओं को तत्काल प्रभाव से पार्टी में वापसी की अनुमति मिल गई है। जबकि बाकी 16 नेताओं के मामलों में आगे क्या निर्णय लिया जाएगा, यह पार्टी के अगले फैसले के बाद स्पष्ट होगा।

