KBC 18: छत्तीसगढ़ के टीचर को जुए की लत ने डुबोया, ₹10 लाख का कर्ज; ₹25 लाख के सवाल में एनाकोंडा-कछुए ने फंसाया
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के बहुचर्चित क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ (KBC 18) में इस बार छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से आए एक शिक्षक की कहानी ने हर किसी को भावुक और हैरान कर दिया। पेशे से शिक्षक दुर्गा प्रसाद साही ने हॉटसीट पर बैठकर न केवल अपने शानदार ज्ञान का प्रदर्शन करते हुए ₹12.5 लाख रुपये जीते, बल्कि यह भी स्वीकार किया कि कैसे जुए और सट्टेबाजी की लत ने उनकी जिंदगी तबाह कर दी थी।
₹10-20 के सट्टे से शुरू हुआ ₹10 लाख के कर्ज का सफर
हॉटसीट पर बातचीत के दौरान दुर्गा प्रसाद ने बताया कि शुरुआत में उन्हें केवल क्रिकेट मैच में स्कोर का अंदाजा लगाने का शौक था। दोस्तों के साथ हंसी-मजाक में ₹10-20 से शुरू हुई यह आदत धीरे-धीरे सट्टेबाजी की गंभीर लत बन गई। कर्ज चुकाने के लिए वे नया कर्ज लेते चले गए और कब यह रकम ₹10 लाख तक पहुंच गई, उन्हें पता ही नहीं चला। उन्होंने स्वीकार किया कि बतौर शिक्षक अपने छात्रों के सामने ऐसा गलत उदाहरण बनने पर उन्हें खुद पर बहुत शर्म आती थी।
2020 में बदली जिंदगी, KBC में आने का मकसद
साल 2020 में परिवार और दोस्तों के सहयोग से उन्होंने इस लत को हमेशा के लिए छोड़ने का फैसला किया। KBC में आने का उनका मुख्य उद्देश्य इसी कर्ज के बोझ को कम करना था। जब दुर्गा प्रसाद ने ₹12.5 लाख की राशि जीत ली, तो अमिताभ बच्चन ने उन्हें हिदायत देते हुए कहा— “अब इस पैसे का जुआ मत खेलना।” जिस पर शिक्षक ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वे इस रास्ते पर दोबारा कभी नहीं लौटेंगे।
₹25 लाख का सवाल: एनाकोंडा और घड़ियाल के फेर में उलझे
शानदार खेल दिखाते हुए दुर्गा प्रसाद ₹25 लाख के सवाल तक पहुंचे। सवाल था:
“इनमें से किस रेंगने वाले जीव की ज्यादातर प्रजातियां अंडे देने के बजाय सीधे बच्चों को जन्म देती हैं?”
(a) कोमोडो ड्रैगन
(b) एनाकोंडा
(c) घड़ियाल
(d) गैलापागोस कछुआ
सही जवाब न मालूम होने के कारण उन्होंने जोखिम नहीं लिया और गेम क्विट कर दिया। क्विट करने के बाद अंदाजा लगाने पर उन्होंने ‘घड़ियाल’ चुना, जबकि सही जवाब एनाकोंडा था। दरअसल, एनाकोंडा ओवोविविपेरस (Ovoviviparous) होते हैं, जिनके अंडे मां के शरीर के भीतर ही विकसित होते हैं और वे सीधे बच्चों को जन्म देते हैं।
दुर्गा प्रसाद साही भले ही ₹25 लाख के सवाल पर आगे नहीं बढ़ पाए, लेकिन ₹12.5 लाख की इनामी राशि और अपनी ईमानदारी से उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया।

