18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मिनट-टू-मिनट टाइमलाइन जारी: भारत मंडपम में 12-13 सितंबर को जुटेंगे विश्व नेता, देखें दोनों दिनों का पूरा कार्यक्रम
नई दिल्ली। राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12 और 13 सितंबर को आयोजित होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (18th BRICS Summit) को लेकर विदेश मंत्रालय (MEA) ने बैठकों और आधिकारिक कार्यक्रमों का विस्तृत ब्योरा जारी कर दिया है। 2026 में अपनी स्थापना के 20 वर्ष पूरे कर रहे ब्रिक्स समूह की इस बार भारत चौथी बार अध्यक्षता कर रहा है। सम्मेलन का मुख्य विषय “बिल्डिंग फॉर रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी” (Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability) तय किया गया है।
सम्मेलन में सदस्य देशों के साथ-साथ पार्टनर राष्ट्रों और आउटरीच देशों के शीर्ष नेतृत्व की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। भारत की अध्यक्षता के दौरान अब तक देश भर के 25 से अधिक शहरों में 350 से ज्यादा उच्चस्तरीय और तकनीकी बैठकें पूरी हो चुकी हैं।
12 सितंबर (शनिवार): पहले दिन का आधिकारिक कार्यक्रम
सम्मेलन के पहले दिन सदस्य देशों के नेताओं की अहम बैठकों और विशेष आयोजनों की समय-सारणी इस प्रकार है:
दोपहर 2:35 बजे (क्लोज्ड सेशन): भारत मंडपम में सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों के आगमन के बाद “इंक्लूसिव ग्लोबल गवर्नेंस एंड स्ट्रेंथनिंग मल्टीलेटरलिज्म” (समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करना) विषय पर बंद सत्र (Closed Session) आयोजित होगा।
शाम 4:25 बजे (प्रदर्शनी दौरा): ब्रिक्स नेताओं को भारत की तकनीकी और डिजिटल उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली “भारत इनोवेट्स एग्जीबिशन” का अवलोकन कराया जाएगा।
शाम 5:05 बजे: सभी सदस्य देशों के शीर्ष नेताओं का आधिकारिक फैमिली फोटो सेशन होगा।
शाम 5:10 बजे: पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के संदेश के साथ संयुक्त वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
शाम 7:30 बजे (गाला डिनर): दिन के सभी औपचारिक कार्यक्रमों का समापन प्रधानमंत्री द्वारा आयोजित भव्य गाला डिनर के साथ होगा, जो भारत मंडपम के लेवल-3 पर आयोजित किया जाएगा।
13 सितंबर (रविवार): दूसरे दिन का सत्र और आउटरीच विमर्श
सम्मेलन के दूसरे दिन का दायरा अधिक व्यापक होगा, जिसमें पार्टनर और आमंत्रित देश भी शामिल होंगे:
सुबह 9:55 बजे: आउटरीच प्रोग्राम और साझेदार देशों के राष्ट्राध्यक्षों एवं सरकार प्रमुखों का भारत मंडपम में औपचारिक आगमन।
सुबह 10:35 बजे: आमंत्रित और पार्टनर देशों के प्रमुखों के साथ दूसरा औपचारिक फैमिली फोटो सेशन।
सुबह 10:50 बजे (ओपन सेशन): शिखर सम्मेलन का मुख्य खुला सत्र (Open Session) शुरू होगा। इसका विषय “बिल्डिंग फॉर रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी: शेपिंग द फ्यूचर फॉर इंक्लूसिव ग्लोबल ग्रोथ” रखा गया है। इस सत्र में वैश्विक आर्थिक सहयोग, वित्तीय प्रणालियों में सुधार, आपूर्ति श्रृंखला को सुदृढ़ बनाने और भविष्य की चुनौतियों पर गहन विचार-विमर्श होगा।
20वीं वर्षगांठ पर बहुपक्षीय सहयोग को नई दिशा
यह आयोजन ब्रिक्स की 20वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रहा है, जिससे इसकी प्रासंगिकता और बढ़ गई है। दो दिवसीय इस महामंथन में वैश्विक वित्तीय व प्रशासनिक संस्थाओं में सुधार, डिजिटल इनोवेशन, ऊर्जा सुरक्षा और सतत विकास जैसे मुद्दों पर आम सहमति बनाकर एक साझा घोषणापत्र जारी होने की रूपरेखा तैयार की गई है।

