लोकार्पण से पहले ही धंसा राम वनगमन पथ, 4400 करोड़ की सड़क पर उठे सवाल
प्रयागराज: भगवान राम के वनवास से जुड़े तीर्थ स्थलों को जोड़ने के लिए बनाए जा रहे राम गमनपथ के नवनिर्मित मार्ग का उद्घाटन होने से पहले ही श्रृंगारपुर धाम में धंसाव हो गया। लखनऊ रोड से गंगा पुल की ओर जाने वाली सड़क के लगभग 100 मीटर हिस्से में चार जगहों पर दरारें पड़ गईं और कुछ भाग धंस गए। इस स्थिति को देखते हुए आवागमन रोक दिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अगले महीने अरबों रुपये की लागत से बन रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन करने वाले हैं। सड़क में दरारें और धंसाव होने से निर्माण की गुणवत्ता और विभागीय निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं। सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद विभाग ने ठेकेदार को नोटिस जारी कर धंसाव का कारण पूछा है।
राम वनगमन पथ परियोजना जोड़ेगा अयोध्या से चित्रकूट को
राम वनगमन पथ परियोजना के तहत अयोध्या से चित्रकूट तक 210 किलोमीटर लंबा मार्ग विकसित किया जा रहा है। लगभग 4,400 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना अयोध्या, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, श्रृंगारपुर धाम, कौशांबी और चित्रकूट को जोड़ती है। इसका उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना और तीर्थयात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाना है। एनएचएआई के कार्यकारी अभियंता रविंद्र पाल सिंह ने बताया कि बारिश के कारण सड़क का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। इसकी जल्द ही मरम्मत कर दी जाएगी।
कंपनी एक साल के लिए प्रतिबंध
राम वनगमन मार्ग के पैकेज 2 का निर्माण कार्य कर रही नई दिल्ली स्थित एसएंडपी इंफ्रास्ट्रक्चर को एक वर्ष के लिए प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही, पंद्रह दिनों के भीतर मरम्मत कार्य पूरा न होने पर किसी तीसरे पक्ष से मरम्मत कराने का नोटिस भी जारी किया गया है। समझौते के अनुसार, दरार की मरम्मत की लागत का बीस प्रतिशत जुर्माना लगाया जाएगा। खंड के सहायक अभियंता विशाल सेठ ने बताया कि कार्यों की गुणवत्ता में लापरवाही पर कंपनी के प्रतिनिधियों को एक साल के लिए प्रतिबंध किए जाने की जानकारी दे दी गई है। (एजेंसी)

