बारिश के अलर्ट के बीच राजस्थान प्रशासन का बड़ा फैसला, 12वीं तक के सभी स्कूल बंद
राजस्थान न्यूज़: राजस्थान के कई जिलों में शनिवार के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों में सवाई माधोपुर और दौसा समेत कई जिलों में जबरदस्त बारिश हुई है। आज सवाई माधोपुर, करौली और धौलपुर जिलों के लिए बहुत ज्यादा बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ फिर से जारी किया गया है।इसके अलावा करीब 2 दर्जन से अधिक जिलों में येलो अलर्ट है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। झालावाड़ जिले में शनिवार को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल में बच्ची के लिए छुट्टी कर दी गई है।
केवल छात्रों के लिए छुट्टी
इस दौरान स्कूलों में शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने शनिवार को जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों के लिए छुट्टी की घोषणा की है। हालांकि, अब तक जिले में कहीं भी जलभराव की कोई घटना सामने नहीं आई है। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामसिंह मीणा के अनुसार, यह छुट्टी केवल छात्रों के लिए है।
स्टाफ की स्कूल में उपस्थिति अनिवार्य
स्कूलों में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक स्टाफ की उपस्थिति पहले की तरह ही जरूरी है। स्टाफ सदस्यों को स्कूल से जुड़े जरूरी काम करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पढ़ाई-लिखाई का काम न रुके। प्रशासन ने माता-पिता से यह भी अपील की है कि वे बारिश के दौरान अपने बच्चों को बिना वजह घर से बाहर न भेजें और उन्हें नदियों, नालों, तालाबों और पानी भरे इलाकों से दूर रखें। इस बीच, झालावाड़ जिले में पिछले दो दिनों से सावन जैसी झड़ी लगी रही। कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश का दौर चलता रहा।
लगभग एक हफ्ते बाद हुई अच्छी बारिश से मौसम सुहावना हो गया है और बारिश की कमी से परेशान किसानों को बड़ी राहत मिली है। जिले में सबसे ज्यादा बारिश सुनेर में 76 मिमी और पचपहाड़ में 73 मिमी दर्ज की गई। लगातार बारिश से खेतों में मिट्टी की नमी बढ़ गई है और इससे खरीफ की फसलों को सीधा फायदा होने की उम्मीद है। इस बारिश से नदियों, नालों, तालाबों और अन्य जल स्रोतों में पानी का बहाव भी बढ़ने की संभावना है। झालावाड़ जिले में अब तक औसतन 740 मिमी बारिश दर्ज की गई है। पिछले साल पूरे मॉनसून सीजन के दौरान जिले में 1,087 मिमी बारिश हुई थी। (एजेंसी)

