Nigeria Toxic Gas Tragedy: नाइजीरिया में बड़ा हादसा, पाइपलाइन से कच्चा तेल चोरी करते वक्त लीक हुई जहरीली गैस, 37 लोगों की दर्दनाक मौत!
Nigeria Toxic Gas Tragedy: अफ्रीकी देश नाइजीरिया के रिवर्स स्टेट में कच्चा तेल (क्रूड ऑयल) चोरी करने की कोशिश के दौरान एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। ओक्रिका लोकल गवर्नमेंट एरिया स्थित ओकारी जेट्टी में पाइपलाइन से अवैध रिसाव और जहरीली गैस की चपेट में आने से कम से कम 37 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
नावों से तेल चुराने पहुंचे थे 100 से ज्यादा लोग
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना के समय 100 से अधिक लोग देशी नावों के जरिए जेट्टी पर पहुंचे थे। वे सभी पाइपलाइन में अवैध रूप से टैपिंग (पंक्चर) कर कच्चा तेल निकालने और अपनी नावों में भरने का काम कर रहे थे। उसी दौरान एक व्यावसायिक जहाज भी वहां पेट्रोलियम उत्पाद लोड कर रहा था।
अचानक निकली जहरीली गैस, बिछ गईं लाशें
अवैध टैपिंग के दौरान पाइपलाइन से अचानक अत्यधिक दबाव के साथ जहरीला धुआं और खतरनाक गैसें निकलने लगीं। हवा में जहरीली गैस फैलते ही वहां काम कर रहे लोग तेजी से बेहोश होकर गिरने लगे। चारों तरफ मची भगदड़ के बीच कई लोग जान बचाने के चक्कर में पास की नदी में कूद गए और डूब गए।
पुलिस ने की मामले की पुष्टि
रिवर्स स्टेट पुलिस ने हादसे की आधिकारिक पुष्टि की है। पुलिस प्रवक्ता ब्लेसिंग अगाबे के अनुसार, घटना की गहराई से जांच की जा रही है और प्राथमिक रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि मृत पाए गए अधिकांश लोग तेल चोरी के अवैध काम में शामिल थे। वहीं, ‘युथ्स एंड एनवायरनमेंटल एडवोकेसी सेंटर’ का दावा है कि हादसे में कम से कम 37 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कुछ स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में यह संख्या 43 तक पहुंचने की बात कही जा रही है।
नाइजर डेल्टा में जानलेवा साबित हो रहा अवैध तेल कारोबार
नाइजीरिया का नाइजर डेल्टा क्षेत्र देश का मुख्य तेल उत्पादक इलाका है। हालांकि, यहां गरीबी, बेरोजगारी और बदहाली के कारण पाइपलाइनों से तेल चोरी करना और उसका अवैध शोधन (इललीगल रिफाइनिंग) एक बड़ा गिरोह रूप ले चुका है। सुरक्षा मानकों को दरकिनार कर की जाने वाली इस चोरी के कारण अक्सर भीषण आग, विस्फोट और जहरीली गैस रिसाव की घटनाएं होती रहती हैं, जिससे न केवल इंसानी जानें जा रही हैं बल्कि पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है।

