IND vs JAP: भारत और जापान के बीच होगा ऐतिहासिक T20 मुकाबला, BCCI ने जारी किया शेड्यूल, एशियन गेम्स से पहले जापान में भिड़ेंगी दोनों टीमें
IND vs JAP: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक ऐतिहासिक मुकाबले की घोषणा की है। अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के बाद भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम जापान के खिलाफ अपना पहला आधिकारिक टी20 इंटरनेशनल मैच खेलेगी। यह मुकाबला 22 सितंबर 2026 को जापान के तोचिगी प्रांत स्थित सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में ‘सुजुकी कप’ के नाम से खेला जाएगा।
राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ पर मुकाबला
भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के जश्न की शुरुआत के रूप में इस खास मैच का आयोजन किया जा रहा है। एशियन गेम्स 2026 की मेजबानी भी जापान के पास है, और इस बहुस्तरीय खेल आयोजन में उतरने से पहले भारतीय टीम यह T20I मैच खेलेगी। यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में भारत और जापान के बीच पहला मुकाबला होगा।
पीएम मोदी और जापानी पीएम की बैठक का परिणाम
यह मैच ‘स्पोर्ट 75’ पहल का पहला कदम है। यह पहल भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के बीच हुई बैठक में हुए समझौते से शुरू हुई है। इसका मुख्य उद्देश्य खेल के माध्यम से दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करना है। साथ ही, यह पहल 2036 में ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी करने की भारत की महत्वाकांक्षा को भी ध्यान में रखकर शुरू की गई है।
जापान का T20I रिकॉर्ड और वर्ल्ड रिकॉर्ड
जापान आईसीसी का एसोसिएट मेंबर है और उसने अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच साल 2022 में खेला था। अब तक खेले 61 टी20आई मैचों में जापान ने 41 में जीत दर्ज की है और 18 में हार का सामना किया है। खास बात यह है कि टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे बड़ी 258 रनों की साझेदारी का विश्व रिकॉर्ड जापान के ही केंडल कडोवाकी-फ्लेमिंग और लाचलान यामामोटो-लेक के नाम दर्ज है। हालांकि, जापानी टीम ने अब तक आईसीसी के किसी फुल मेंबर (पूर्ण सदस्य) देश के खिलाफ कोई मैच नहीं खेला है।
BCCI सचिव का बयान
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने इस मौके पर कहा, “BCCI इस ऐतिहासिक मौके का हिस्सा बनकर बेहद खुश है। यह मुकाबला क्रिकेट का दायरा बढ़ाने और इसे जापान तथा पूरे पूर्वी एशिया में नए दर्शकों तक पहुंचाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।”

