जंतर-मंतर मारपीट केस में दिल्ली पुलिस का एक्शन, स्वतंत्र भारद्वाज हिरासत में; निशु आजाद के पिता ने लगाए थे आरोप
नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान हुई कथित मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया है। स्वतंत्र पर निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ मारपीट करने का आरोप है।
पुलिस की यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक पॉडकास्ट क्लिप के बाद सामने आई, जिसमें स्वतंत्र भारद्वाज द्वारा कथित तौर पर संजय कुमार पर हमला करने की बात कही गई थी।
23 जून को प्रदर्शन के दौरान हुई थी मारपीट
मामला 23 जून 2026 का है। जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन चल रहा था। इसी दौरान संजय कुमार अपनी 14 वर्षीय बेटी के साथ प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे थे। शिकायत के अनुसार, शाम करीब साढ़े पांच बजे संजय अपने मोबाइल फोन से प्रदर्शन की रिकॉर्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक के साथ उनकी बहस हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद 2-3 युवकों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ मारपीट की।
सिर में चोट लगने के बाद अस्पताल पहुंचे संजय
संजय कुमार ने आरोप लगाया था कि उनके साथ घूंसे से मारपीट की गई और सिर पर किसी ठोस वस्तु से वार किया गया। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए RML अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल जांच में उनके सिर पर दो कटे हुए घाव दर्ज होने की बात शिकायत में कही गई है। इसके बाद उन्होंने पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी।
इन धाराओं में दर्ज हुई थी FIR
संजय कुमार की शिकायत के आधार पर पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में FIR नंबर 62/2026 दर्ज की गई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया था। मामले में स्वतंत्र भारद्वाज के साथ सूरज कुमार का नाम भी आरोपी के तौर पर दर्ज किया गया था।
वायरल वीडियो क्लिप ने फिर गरमाया मामला
मामले में उस समय नया मोड़ आया जब सोशल मीडिया पर एक पॉडकास्ट की क्लिप तेजी से वायरल हुई। दावा किया गया कि क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज ने संजय कुमार के सिर पर हमला करने की बात कही थी। इस वीडियो के सामने आने के बाद निशु आजाद की ओर से पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए गए और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई। इसके बाद पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर से हिरासत में लिया।
READ MORE: IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 में भरा पानी, यात्रियों को जलभराव के बीच करना पड़ा सफर
राहुल गांधी से भी मांगी गई थी मदद
मामले को लेकर निशु आजाद ने राहुल गांधी से भी मदद की अपील की थी। उन्होंने वायरल वीडियो और पुलिस कार्रवाई से जुड़े सवालों को सामने रखते हुए न्याय की मांग की थी। इसके बाद राहुल गांधी की ओर से सहयोग का भरोसा दिए जाने की बात कही गई। बाद में कांग्रेस की लीगल टीम पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंची और मामले में अतिरिक्त धाराएं जोड़ने के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग रखी।
हेट स्पीच और SC/ST एक्ट की धाराएं जोड़ने की मांग
कांग्रेस की लीगल टीम की ओर से FIR में कथित हेट स्पीच, SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम और आदतन अपराधी से संबंधित धाराएं जोड़ने की मांग की गई थी। हालांकि, इन अतिरिक्त धाराओं को लेकर अंतिम कानूनी स्थिति पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस जांच में सामने आएंगे आगे के तथ्य
स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लेने के बाद अब पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्यों, वायरल पॉडकास्ट क्लिप और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच करेगी। पुलिस की जांच के आधार पर यह स्पष्ट होगा कि घटना में उनकी कथित भूमिका क्या थी। मामले में दूसरे नामजद आरोपी सूरज कुमार को लेकर भी पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

