नरसिंहपुर में केंद्रीय एजेंसी की बड़ी कार्रवाई: तेंदूखेड़ा के पूर्व विधायक संजय शर्मा के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, इलाके में हड़कंप
नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के महाकौशल अंचल में बुधवार की सुबह एक बड़ी राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल के साथ शुरू हुई। नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा से पूर्व विधायक और जाने-माने कारोबारी संजय शर्मा के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर प्रवर्तन निदेशालय ने दबिश दी है। दिल्ली मुख्यालय से सीधे पहुंची केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम ने सुबह-सुबह एक साथ कई स्थानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया, जिससे जिले के राजनीतिक और व्यावसायिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
आधा दर्जन गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंची दिल्ली की टीम
मिली जानकारी के मुताबिक, जांच एजेंसी की टीम तड़के करीब आधा दर्जन वाहनों के काफिले के साथ तेंदूखेड़ा इलाके में दाखिल हुई। टीम ने सबसे पहले राजमार्ग स्थित संजय शर्मा के मुख्य व्यावसायिक कार्यालय को अपने घेरे में लिया और भीतर मौजूद तमाम दस्तावेजों की सघन जांच शुरू कर दी। जांच दल के अधिकारी कंपनी के वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों के विवरण और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक व कागजी रिकॉर्ड्स को बारीकी से खंगाल रहे हैं।
पूर्व विधायक के करीबी के आवास पर भी दबिश, पुलिस बल तैनात
कारोबारी दफ्तर पर कार्रवाई के साथ-साथ ईडी की एक अन्य टुकड़ी ने संजय शर्मा के करीबी सहयोगी रामलाल झरिया के तेंदूखेड़ा स्थित वार्ड क्रमांक-9 स्थित आवास पर भी छापा मारा है। दोनों ही स्थानों पर किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद बनी रहे।

