मुंबई में Maggi-Lay’s-Kurkure पर बड़ा खेल, एक्सपायरी डेट बदलने वाले रैकेट का FDA ने किया भंडाफोड़
Mumbai News: महाराष्ट्र फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) और नवी मुंबई पुलिस के एक जॉइंट ऑपरेशन में खाने-पीने की चीजों के लेबल बदलने और तारीखों में हेर-फेर करने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। जांच में पता चला कि पैक्ड फ़ूड प्रोडक्ट्स—जो या तो एक्सपायर हो चुके थे या जिनकी शेल्फ लाइफ खत्म हो चुकी थी—उनकी मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी तारीखों को बदलकर उन्हें बाजार में दोबारा बेचने की तैयारी की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान Maggi, Lay’s, Kurkure, Knorr, Hellmann’s, Thums Up और Limca समेत कई लोकप्रिय ब्रांड्स के उत्पाद बरामद किए गए। FDA ने लाखों रुपये मूल्य का स्टॉक जब्त कर लिया है और Sadhana Enterprises का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है और मामले में FIR भी दर्ज की गई है।
24 से 29 अगस्त के बीच चला संयुक्त ऑपरेशन
कथित गड़बड़ियों की खबरों के बाद, नवी मुंबई के तुर्भे में TTC इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित ‘साधना एंटरप्राइजेज’ के परिसर में 24 से 29 अगस्त के बीच छापेमारी की गई। यह कार्रवाई महाराष्ट्र FDA और नवी मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मिलकर की थी। जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग पर छपी जरूरी जानकारी के साथ छेड़छाड़ की जा रही थी। FDA के अनुसार, उत्पादों पर छपी असली मैन्युफैक्चरिंग, एक्सपायरी और बाय डेट’ (इस्तेमाल की आखिरी तारीख) को हटाकर उनकी जगह नई तारीखें लिखी जा रही थीं।इतना ही नहीं, कई मामलों में सामग्री (Ingredients) और न्यूट्रिशन संबंधी मूल लेबल हटाकर नए स्टिकर लगाए गए और पूरे स्टॉक को दोबारा पैक किया गया। जांच एजेंसियों का मानना है कि इससे एक्सपायर हो चुके उत्पादों को नया दिखाकर उनकी बिक्री संभव बनाई जा रही थी।
कई बड़े ब्रांड्स के उत्पाद बरामद
इस ऑपरेशन के दौरान, Lay’s, Kurkure, Maggi, Fun Flips, Knorr, Hellmann’s, Rasoi, Thums Up और Limca जैसे ब्रांड वाले प्रोडक्ट मिले। हालांकि, FDA ने कहीं भी यह नहीं कहा है कि इन ब्रांड की मालिक कंपनियां इस कथित गड़बड़ी में शामिल थीं। अभी जांच उन बिजनेस एंटिटी और लोगों पर केंद्रित है जिन पर री-पैकेजिंग और री-लेबलिंग का आरोप है। FDA के एक बयान के मुताबिक, 10 एक्सपोर्ट करने वाली कंपनियों से जुड़े फूड प्रोडक्ट के हजारों कार्टन जब्त किए गए, जिनकी कीमत ₹75 लाख से ज्यादा है। इसके अलावा, बिना लेबल वाले और एक्सपायर हो चुके फूड प्रोडक्ट भी बरामद किए गए।
लाइसेंस निलंबित, FIR दर्ज
जांच के बाद, FDA ने साधना एंटरप्राइजेज का लाइसेंस तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। इसके अलावा, संबंधित धाराओं के तहत तुर्भे पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। अधिकारियों ने बताया कि पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच की जा रही है और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों और कंपनियों की भूमिका की भी जांच-पड़ताल की जा रही है।(एजेंसी)

