UCC, बेरोजगारी और BJP संगठन पर एक साथ बरसे उमंग सिंघार; कह दी ऐसी बात कि गरमा गई मध्य प्रदेश की सियासत!
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा बयान देते हुए प्रदेश की सियासत में हलचल पैदा कर दी है। ‘आज़ादी-उलेमा की कुर्बानी’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंघार ने सरकार की नीयत पर सीधे सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने विधानसभा में केवल अपने बहुमत के बल पर इस “काले कानून” को पास कराया है। सिंघार ने खुला ऐलान किया कि साल 2028 में कांग्रेस की सरकार बनते ही इस कानून को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा।
‘अध्यक्ष बने एक साल हुआ, अब याद आई कार्यसमिति’: संगठन पर तंज
नेता प्रतिपक्ष ने बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति बैठक को लेकर भी सत्तारूढ़ दल पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि हेमंत खंडेलवाल को अध्यक्ष बने एक साल से ज्यादा का वक्त हो चुका है, लेकिन पहली कार्यसमिति बैठक अब बुलाई जा रही है। यह सीधे तौर पर उनकी नेतृत्व अक्षमता को उजागर करता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव और बैठकों के समय ही बीजेपी को अचानक युवाओं की याद आती है, जबकि असलियत यह है कि मध्य प्रदेश का युवा अपनी वाजिब मांगों और रोजगार के लिए सड़कों पर धक्के खा रहा है।
12 सितंबर को इंदौर आएंगे राहुल गांधी, उठाएंगे युवाओं की आवाज
उमंग सिंघार ने बताया कि मध्य प्रदेश के युवाओं के हक की लड़ाई लड़ने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी 12 सितंबर को इंदौर आ रहे हैं। वे यहां ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होकर युवाओं से संवाद करेंगे और उनकी आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर उठाएंगे। सिंघार ने सरकार को चेतावनी दी कि अगर वह खुद को वास्तव में युवा हितैषी मानती है, तो युवाओं की मांगें तुरंत स्वीकार करे और उन्हें रोजगार मुहैया कराए।

