नेपाल बाढ़ में ईशा फाउंडेशन के 77 श्रद्धालु लापता, अब तक कोई सुराग नहीं
Nepal floods: नेपाल-चीन सीमा के पास भारी बाढ़ के बाद सद्गुरु के ईशा फाउंडेशन से जुड़े 77 तीर्थयात्री लापता हैं। यह समूह कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौट रहा था। पिछले दो दिनों से उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया है। इस समूह में 19 देशों के लोग शामिल हैं।
कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौटते समय यह ग्रुप चीन के ग्यिरोंग में था, तभी इलाके में अचानक बाढ़ आ गई। बाढ़ का पानी ग्यिरोंग इमिग्रेशन ऑफिस में घुस गया, जहां यह ग्रुप मौजूद था। इस घटना से पूरा इलाका प्रभावित हुआ। सद्गुरु ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी इस घटना के बारे में जानकारी दी और बताया कि नेपाल के तिमुरे में भी तीन वॉलंटियर फंस गए थे।
19 देशों के तीर्थयात्री शामिल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लापता ग्रुप में 19 देशों के नागरिक शामिल हैं। उन्हें खोजने के लिए भारत, चीन और नेपाल में दूतावासों से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है और इन देशों के सरकारी विभागों से भी मदद मांगी गई है। पिछले दो दिनों से इन 77 तीर्थयात्रियों का कोई पता नहीं चला है। बचाव दल जमीन पर लगातार काम कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनके ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।
परिवार कर रहे अपनों के लौटने का इंतजार
ग्रुप के कोऑर्डिनेटर का कहना है कि 77 परिवार अपने प्रियजनों की सुरक्षा के बारे में खबर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं,जो उनके लिए सचमुच बहुत मुश्किल और दर्दनाक समय है।
लापता श्रद्धालुओं में अमेरिका के 22, कनाडा के 12, ऑस्ट्रेलिया के 11 और ब्रिटेन के 9 लोग हैं. इनके अलावा जर्मनी से 4, फ्रांस और नेपाल से 3-3 नागरिक हैं। नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, सिंगापुर और स्पेन के 2-2 यात्री भी फंसे हुए हैं। वहीं फिनलैंड, हंगरी, इजरायल, लिथुआनिया, फिलीपींस, पुर्तगाल, रूस और दक्षिण अफ्रीका से 1-1 श्रद्धालु शामिल है।
ऑस्ट्रेलियाई नागरिक सुमी अधिकारी, जो मानसरोवर यात्रा के लिए अकेली आई थीं, लापता लोगों में शामिल हैं। हादसे के बाद से ही उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। उनके जीजा, जीवन अधिकारी, नवलपरासी के अस्पतालों में लगातार उन्हें ढूंढ रहे हैं। घटना की खबर सुनकर उनके पति और दो बच्चे भी नेपाल पहुंच गए हैं। पूरे परिवार को उम्मीद है कि वे सुरक्षित मिल जाएंगी। नेपाल पुलिस के अनुसार, बाढ़ में अब तक 626 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लगभग 2,500 लोगों के लापता होने की खबर है। बाढ़ से कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। राहत और बचाव दल लगातार लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। (एजेंसी)

