Thu. Aug 27th, 2026

दिल्ली में मॉडल की बेरहमी से हत्या,जिम ट्रेनर ने घर में घुसकर चाकू से किया हमला

नई दिल्ली: दिल्ली में एक बार फिर हत्या की घटना से सनसनी फैल गई है। यह घटना तिलक नगर के ओल्ड महावीर नगर में घटी। 21 वर्षीय मुस्कान की उसके घर में घुसकर चाकू से वार करके हत्या कर दी गई। आरोपी की पहचान इमरान के रूप में हुई है, जो एक जिम ट्रेनर है। खबरों के अनुसार, वह घर में घुसा और मुस्कान को अकेला पाकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी घटना के बाद से फरार है। घायल महिला को तत्काल पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक, घटना के समय युवती घर पर बिल्कुल अकेली थी। इसी बात का फायदा उठाकर आरोपी घर के भीतर दाखिल हुआ और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।

पार्ट टाइम मॉडलिंग करती थी मुस्कान

मृतक लड़की का नाम मुस्कान बताया जा रहा है। वह छात्रा थी और पार्ट-टाइम मॉडल के रूप में भी काम करती थी। परिवार के सदस्यों के अनुसार, इमरान नाम के एक लड़के ने हत्या की है। मुस्कान के भाई आकाश ने पुलिस और परिवार को बताया कि इमरान ने मुस्कान पर चाकू से हमला किया था। मृतक के दोस्त अमन ने मीडिया को बताया, “उसकी तीन बहनें और एक छोटा भाई है।” ये तीनों मेरे दोस्त हैं। इनकी बड़ी बहन चंडीगढ़ में है। उसने मुझे फोन किया और कहा, “तुरंत घर आओ। किसी ने मुस्कान पर चाकू से हमला कर दिया है।” जब तक मैं पहुंचा, एम्बुलेंस आ चुकी थी। मैं उनके पीछे-पीछे गया।

‘मुस्कान को परेशान करता था इमरान’

अमन ने आगे बताया कि मुस्कान तीन बहनों में सबसे छोटी थी और अविवाहित थी। उसने कहा, “इमरान नाम का एक लड़का लंबे समय से उसका पीछा कर रहा था, यह मुझे उसकी बहन से पता चला। वह उसे परेशान करता था और पहले भी ऐसा कर चुका था। अब जब यह घटना हुई, तो मुझे तुरंत उस पर शक हुआ।” अमन ने यह भी दावा किया कि आरोपी इमरान करीब 5:40 बजे उनके घर में घुसा। मुस्कान के भाई आकाश ने सीसीटीवी फुटेज में उसकी पहचान भी कर ली।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

आकाश ने बताया कि इमरान उस जिम में ट्रेनर था जहां मुस्कान जाती थी। पुलिस ने इमरान की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी अभी भी फरार है और उसे ढूंढने के प्रयास जारी हैं। पुलिस मामले की जांच और हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।(एजेंसी)

About The Author