रक्षाबंधन विज्ञापन पर मचा विवाद, कंगना के कमेंट का कृति सेनन ने दिया जवाब
Kriti Sanon Raksha Bandhan ad controversy: बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन विवादों में घिर गई हैं। रक्षाबंधन के एक विज्ञापन में उनके पहनावे को लेकर काफी हंगामा हुआ। कई लोगों को लगा कि त्योहार के हिसाब से उनका पहनावा ठीक नहीं था। उन्हें कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा, जिसमें बीजेपी सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत भी शामिल थीं। जहां कंगना ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई, वहीं अब कृति ने ट्रोलिंग का मुंहतोड़ जवाब दिया है।
कृति ने तोड़ी चुप्पी
कृति सेनन ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपने रक्षाबंधन विज्ञापन और उसे लेकर हो रही ट्रोलिंग पर बात की। उन्होंने लिखा, “त्योहारों की असली खूबसूरती आपके पहनावे में नहीं, बल्कि आपकी परंपराओं के प्रति आपकी भावनाओं और सोच में होती है। रक्षाबंधन भाई-बहनों के बीच सुरक्षा और प्यार का रिश्ता है।”
मैं और मेरी बहन एक-दूसरे को राखी बांधते हैं। हम जानते हैं कि एक भाई की तरह ही, हम एक-दूसरे की पूरी सुरक्षा कर सकते हैं। हम एक-दूसरे की अच्छी सेहत, खुशी और लंबी उम्र के लिए प्रार्थना करते हैं, और यह प्रार्थना और वादा हमारे कुत्तों के लिए भी होता है। क्योंकि आखिर वे भी हमारे परिवार का ही हिस्सा हैं।
आखिरकार, कंगना रनौत का नाम लिए बिना कृति ने भी उनकी बातों का जवाब दिया। उन्होंने लिखा और एक बात और हम महिलाओं को यह बताना कब बंद करेंगे कि उन्हें क्या पहनना चाहिए? समय के साथ एथनिक फैशन और पहनावे में काफी बदलाव आया है, फिर भी किसी महिला के अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान को सिर्फ उसके कपड़ों से ही क्यों आंका जाता है? संस्कृति और परंपरा उसके दिल में बसती है, न कि उसके पहनावे या कपड़ों की नेकलाइन में नहीं ।
क्या बोली थीं कंगना?
कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए कृति के कपड़ों के चुनाव पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज की महिलाओं के पास कपड़ों के बहुत सारे विकल्प होते हैं। ऐसे में कोई बिकिनी या अंडरगारमेंट्स पहनकर अपने भाई को राखी क्यों बांधेगा? कंगना ने यह भी कहा कि कृति का विज्ञापन जान-बूझकर अजीब और असहज बनाने के लिए किया गया था। (एजेंसी)

