Mon. Aug 24th, 2026

Bangladesh Family Murder: बांग्लादेश में दिल दहला देने वाली घटना, हिंदू परिवार के 4 सदस्यों की हत्या, आरोपियों ने घर में ही खाया खाना और नहाया

Bangladesh Family Murder: बांग्लादेश के रंगपुर शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार सदस्यों की निर्मम हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।

मृतकों की पहचान और घटनास्थल

पुलिस के अनुसार, यह घटना माचुआपारा इलाके की है। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती, बेटी अगामी चक्रवर्ती और 12 वर्षीय बेटे प्रियम चक्रवर्ती के रूप में हुई है। गणपति चक्रवर्ती रंगपुर जिला स्कूल में शिक्षक रह चुके थे। परिवार से संपर्क न होने पर जब रिश्तेदारों को शक हुआ, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घर से चारों के शव बरामद हुए। 12 वर्षीय प्रियम का शव घर के अंदर बिस्तर के नीचे मिला था।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

पुलिस की शुरुआती जांच और गिरफ्तार आरोपियों (सिद्धार्थ दास और मुग्धा दास) से पूछताछ के मुताबिक, घटना की शुरुआत घर की छत से हुई थी। आरोपी कथित तौर पर छत पर ‘याबा’ नामक नशीले पदार्थ का सेवन कर रहे थे। जब गणपति चक्रवर्ती ने उन्हें ऐसा करने से रोका, तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने उनकी गला दबाकर हत्या कर दी। शोर सुनकर आईं उनकी पत्नी प्रीतिलता, बेटी और बेटे को भी एक-एक करके मौत के घाट उतार दिया गया।

हत्या के बाद आरोपियों की हैरान करने वाली हरकत

इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि हत्याओं को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत मौके से फरार नहीं हुए। पुलिस का दावा है कि उन्होंने काफी समय तक उसी घर में आराम किया। आरोपियों ने वहां नहाया, खाना खाया और नशे का सेवन किया। इसके अलावा, डिजिटल सबूत मिटाने के लिए मोबाइल फोन को पानी और डिटर्जेंट के घोल में डुबोकर रखने की बात भी सामने आई है। लूटपाट दिखाने के लिए घर का सामान बिखेरा गया था, हालांकि पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छिपाए गए गहने बरामद कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।

About The Author