ट्विशा शर्मा डेथ मिस्ट्री: सेंट्रल जेल में बंद सास-पति की मुश्किलें बढ़ीं, अदालत में CBI की चार्जशीट फाइल
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बहुचर्चित और हाई-प्रोफाइल ट्विशा शर्मा डेथ केस में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। पूर्व मॉडल ट्विशा की संदिग्ध मौत के मामले में सोमवार को सीबीआई ने अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस मामले में ट्विशा के वकील पति समर्थ सिंह और पूर्व डिस्ट्रिक्ट जज सास गिरिबाला सिंह को मुख्य आरोपी बनाया गया है। सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद से भोपाल की सेंट्रल जेल में बंद सास और पति की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं।
इन संगीन धाराओं में कसा गया शिकंजा
सीबीआई के अधिकारियों के मुताबिक चार्जशीट में समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह पर गंभीर आरोप तय किए गए हैं। दोनों आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2), 85, 108 और 3(5) लगाई गई है। इसके साथ ही दहेज निषेध अधिनियम 1961 की धारा 3 और 4 के तहत भी कानूनी शिकंजा कसा गया है। ट्विशा के परिजनों ने शुरुआत से ही आरोप लगाया था कि सास और पति दहेज की मांग को लेकर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से बुरी तरह प्रताड़ित करते थे।
क्या हुआ था 12 मई की रात?
गौरतलब है कि पूर्व मॉडल ट्विशा शर्मा की शादी बीते साल दिसंबर में समर्थ सिंह के साथ हुई थी। लेकिन शादी के महज 6 महीने बाद, 12 मई को ट्विशा की लाश उनके भोपाल स्थित ससुराल में फांसी के फंदे से लटकती मिली थी।
FIR के अनुसार, घटना वाली रात करीब 10:20 बजे पति समर्थ ही ट्विशा को एम्स भोपाल लेकर पहुंचा था और डॉक्टरों से फांसी लगाने की बात कही थी। लेकिन एम्स के डॉक्टरों ने पुलिस को बताया कि अस्पताल पहुंचने से काफी पहले ही ट्विशा की मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने ‘मेडिको-लीगल केस’ दर्ज कर जांच शुरू की थी।
हाई कोर्ट के दखल के बाद CBI को मिला था केस
इस मामले में मोड़ तब आया जब ट्विशा के परिवार ने पुलिस की शुरुआती जांच पर सवाल उठाए। इसके बाद मामला मध्य प्रदेश हाई कोर्ट पहुंचा। हाई कोर्ट के आदेश पर न सिर्फ ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया, बल्कि मामले की गंभीरता को देखते हुए 25 मई को जांच भी सीबीआई को सौंप दी गई।
जेल में कट रही सास-पति की रातें
सीबीआई ने जांच अपने हाथ में लेते ही पति समर्थ और सास गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। दोनों आरोपी 2 जून से भोपाल की सेंट्रल जेल में बंद हैं। इस बीच, खबर है कि मुख्य आरोपी पूर्व जज गिरिबाला सिंह की जमानत अर्जी पर अगले हफ्ते मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में अहम सुनवाई होने वाली है।

