सीएम योगी 10 अगस्त को गाजियाबाद में कांवड़ियों पर करेंगे पुष्पवर्षा, दो स्थान किए गए तय
उत्तरप्रदेश : 10 अगस्त को, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सावन कांवड़ यात्रा के दौरान गाजियाबाद में शिव भक्तों का हेलीकॉप्टर से पुष्पांजलि अर्पित करके स्वागत करेंगे। इस बार इस कार्यक्रम के लिए जिले में दो स्थान निर्धारित किए गए हैं। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं और सुरक्षा एवं यातायात सहित सभी व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित विभागों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार मुख्यमंत्री द्वारा हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा के लिए जिले में दो प्रमुख स्थान निर्धारित किए गए हैं। पहला स्थान श्री दुधेश्वरनाथ मठ मंदिर है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलभिषेक के लिए आते हैं। दूसरा स्थान मुरादनगर गंग नहर के किनारे कावड़ मार्ग है, जहां से गुजरने वाले शिव भक्तों पर भी हेलीकॉप्टर से पुष्वर्षा की जाएगी। दोनों स्थानों पर आवश्यक तैयारियां तेजी से की जा रही हैं।
सभी विभाग तैयारियों में जुटे
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के संबंध में पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, अग्निशमन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगा, जिसमें श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारू यातायात और सर्वोत्तम व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सभी विभाग तैयारियों के लिए समन्वय में काम कर रहे हैं।
कई जिलों में पुष्पवर्षा का कार्यक्रम रहेगा
गाजियाबाद पहले भी मुख्यमंत्री के पुष्पवर्षा कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा है। कांवड़ यात्रा के दौरान, हेलीकॉप्टर से शिव भक्तों पर पुष्पवर्षा बरसाए गए थे। पिछले वर्ष, मुख्यमंत्री ने कांवड़ियों का स्वागत करने के लिए मेरठ का दौरा किया था। इस बार भी उनके मेरठ दौरे की खबर आ रही है। जानकारी के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कांवड़ यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा का कार्यक्रम रहेगा। प्रशासन का मानना है कि इससे कांवड़ यात्रा की भव्यता बढ़ेगी और लाखों श्रद्धालुओं के लिए यह विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा। (एजेंसी)

