Sat. Aug 1st, 2026

दतिया उपचुनाव से पहले EVM विवाद गरमाया, कांग्रेस ने लगाए गड़बड़ी के आरोप… सनातन और चंदा चोरी पर भी घमासान

पीसी शर्मा बोले- नतीजे उल्टे आए तो EVM में गड़बड़ी… भोपाल में कमर्शियल सीलिंग पर भी संग्राम

भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणाम आने से पहले मध्य प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस ने चुनाव परिणाम में गड़बड़ी और षड्यंत्र की आशंका जताई है, जिस पर भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार पलटवार किया है।

EVM में हो सकती है गड़बड़ी

पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने बयान जारी करते हुए कहा कि कांग्रेस की जीत सुनिश्चित देखकर सरकार षड्यंत्र रच रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में धनबल और बाहुबल का जमकर दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने बताया कि स्ट्रांग रूम पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कड़ा पहरा है और पल-पल की अपडेट ली जा रही है।

पीसी शर्मा ने दावा किया कि परिणाम कांग्रेस के पक्ष में हैं, लेकिन यदि नतीजे उल्टे आते हैं तो साफ मानिए कि बीजेपी ने EVM में गड़बड़ी की है।

हार देखकर बहाने बना रही कांग्रेस

कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए एक कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जब-जब कांग्रेस को अपनी हार सामने दिखती है, उनके बहाने पहले से तैयार हो जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि दतिया में बीजेपी प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज कर रही है।

उन्होंने कहा कि नतीजों से पहले ही इस तरह के बयान देकर कांग्रेस ने अपनी हार स्वीकार कर ली है।

सनातन धर्म और राम मंदिर चंदे पर घमासान

संसद, सनातन धर्म और हिंदूवादी संगठनों के विरोध-प्रदर्शनों को लेकर राजधानी भोपाल में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।

बजरंग दल और अन्य हिंदूवादी संगठनों द्वारा कांग्रेस नेताओं के आवासों व कार्यालयों के घेराव पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा और मंत्री विश्वास सारंग के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है।

पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद (VHP) और आरएसएस (RSS) पर निशाना साधते हुए कहा कि हिंदूवादी संगठनों को कांग्रेस के बजाय बीजेपी कार्यालयों का घेराव करना चाहिए।

चंदा चोरी पर चुप्पी क्यों?

शर्मा ने आरोप लगाया कि भगवान राम के नाम पर हुई चंदा चोरी पर ये संगठन चुप क्यों हैं? बीजेपी वाले जिनके नाम पर वोट लेते हैं, उन्हीं के नाम पर चोरी करते हैं और धर्म के नाम पर केवल राजनीति करते हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष ने किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाई है।

कांग्रेस ने फिर सनातन का किया अपमान

वहीं, मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने एक बार फिर अपना सनातन विरोधी चेहरा दिखाया है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और पप्पू यादव ने सनातन धर्म का अपमान कर एक नया काला अध्याय लिखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता जूते पहनकर सनातन का मजाक उड़ाते हैं।

राहुल गांधी और उनके पुरखे कभी सनातनी नहीं रहे और आज उन्होंने एक बार फिर यह साबित कर दिया है।

रिहायशी इलाकों में कमर्शियल एक्टिविटी पर निगम की सीलिंग की तैयारी

भोपाल के आवासीय क्षेत्रों (Residential Areas) में व्यावसायिक गतिविधियों (Commercial Activities) के खिलाफ नगर निगम द्वारा शुरू की जा रही तालाबंदी/सीलिंग की कार्रवाई को लेकर घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस ने निगम की इस कार्रवाई के खिलाफ कड़े आंदोलन का ऐलान कर दिया है।

रोजगार छीना तो तोड़ेंगे ताले

पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने नगर निगम और सरकार की इस कार्रवाई को मनमाना करार देते हुए कहा कि सरकार भोपाल का मास्टर प्लान नहीं ला रही है और मनमाने तरीके से छोटे व्यापारियों और लोगों का रोजगार छीनने की तैयारी कर रही है।

शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम ने दुकानों या व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर ताले लगाए, तो कांग्रेस कार्यकर्ता उन तालों को तोड़ देंगे। किसी भी कीमत पर आवासीय क्षेत्रों में ताले नहीं लगने दिए जाएंगे।

फिलहाल, दतिया उपचुनाव के नतीजों के साथ-साथ इन सभी मुद्दों पर राजनीतिक पारा चढ़ा हुआ है।

 

About The Author