CWG 2026: प्रीति, जैस्मिन और सोमन राणा ने दिलाए 3 गोल्ड, भारत के 30 मेडल पूरे
CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। शुक्रवार को भारत ने एक ही दिन में तीन स्वर्ण पदक जीतकर पदक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली। महिला बॉक्सिंग में प्रीति पवार और जैस्मिन लैंबोरिया ने स्वर्ण पदक जीते, जबकि पैरा एथलेटिक्स की पुरुष शॉट पुट F57 स्पर्धा में सोमन राणा ने भारत को एक और गोल्ड दिलाया।
महिला मुक्केबाजों ने बढ़ाया भारत का गौरव
भारतीय बॉक्सरों ने गोल्ड मेडल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया। 54 किलोग्राम वर्ग में प्रीति पवार ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि 57 किलोग्राम वर्ग में जैस्मिन लैंबोरिया ने भी गोल्ड जीतकर भारत की सफलता को दोगुना कर दिया। दूसरी ओर 55 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जादुमणि सिंह को रजत पदक मिला।
पैरा एथलेटिक्स में भारत का दमदार प्रदर्शन
पुरुष शॉट पुट F57 स्पर्धा में सोमन राणा ने शानदार थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। इसी मुकाबले में भारत के शुभम जुयाल ने रजत पदक हासिल कर देश को एक और उपलब्धि दिलाई।
ट्रिपल जंप में भी दो पदक
एथलेटिक्स में भारत को ट्रिपल जंप स्पर्धा में भी सफलता मिली। प्रवीण चित्रवेल ने सिल्वर मेडल जीता, जबकि सेल्वा प्रभु ने ब्रॉन्ज अपने नाम किया। वहीं 10,000 मीटर रेस वॉक, पोल वॉल्ट, 5000 मीटर दौड़ और मिक्स्ड 4×400 मीटर रिले में भारतीय खिलाड़ी पदक की दौड़ में बने हुए हैं।
जूडो और ट्रैक साइक्लिंग में जारी मुकाबले
जूडो में उन्नति शर्मा सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल रहीं। हालांकि हर्ष टोकस, इनुंगनबी ताखेलम्बम और करनजीत सिंह मान अपने मुकाबलों में बाहर हो गए। ट्रैक साइक्लिंग में भारत की ओर से डेविड बेकहम, रोनाल्डो सिंह, रोजित सिंह, हर्षवीर सिंह सेखों और दिनेश कुमार चुनौती पेश कर रहे हैं।
read more : ‘छात्रों को माफ नहीं, उनसे माफी मांगें’ राहुल गांधी ने PM मोदी पर साधा निशाना
भारत के खाते में 30 मेडल
ताजा पदक तालिका के अनुसार भारत अब 8 स्वर्ण, 15 रजत और 7 कांस्य सहित कुल 30 पदक जीत चुका है। इस प्रदर्शन के साथ भारत छठे स्थान पर बना हुआ है। ऑस्ट्रेलिया पहले, इंग्लैंड दूसरे और कनाडा तीसरे स्थान पर हैं।
इन भारतीय खिलाड़ियों पर रहेंगी नजर
बॉक्सिंग के आगामी फाइनल मुकाबलों में साक्षी चौधरी, प्रिया घांघस, अरुंधति चौधरी, लवलीना बोरगोहेन, सचिन सिवाच, अंकुश पंघाल और नरेंद्र बरवाल स्वर्ण पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे। भारतीय खेल प्रेमियों की नजर अब इन मुकाबलों पर टिकी है।

