कंगना रनौत के बयान पर बवाल, Gen Z और युवा महिलाओं पर की विवादित टिप्पणी
Kangana Ranaut : कंगना रनौत शुरू से ही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ और छात्र आंदोलनों की विरोधी रही हैं। अब, NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और मोदी सरकार के बैकफ़ुट पर आने के बाद, BJP सांसद और अभिनेत्री से नेता बनीं कंगना रनौत काफी नाराज हैं। अपनी एक नई इंस्टाग्राम स्टोरी में, अभिनेत्री ने ‘जेन जी’ (Gen Z) के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और विवादित टिप्पणी की है।कंगना ने ‘युवा हिंदू महिलाओं’ पर हमला करते हुए उन्हें ‘बदसूरत और भ्रष्ट’ बताया है। यही नहीं, उन्होंने इस युवा पीढ़ी को ‘गटर’ कहते हुए ‘ड्रग्स लेने, शराब पीने और कई लोगों के साथ शारीरिक संबंध बनाने’ का आरोप लगाया है।
‘भारत भाग्य विधाता’ की एक्ट्रेस ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज में युवा हिंदू महिलाओं पर निशाना साधते हुए लिखा। “सबसे हैरान करने वाला व्यवहार उन युवा हिंदू महिलाओं का होता है जो खुद आजादी हासिल किए बिना ही, इंडिपेंडेंट करियर वाली महिलाओं जैसी जिंदगी जीना चाहती हैं। सच में आजाद महिलाएं हिम्मत भरे फैसले लेती हैं और बेबाक राय रखती हैं। वे करियर के लीक से हटकर रास्ते चुनती हैं और अपने कामों की पूरी जिम्मेदारी खुद लेती हैं क्योंकि वे अपने पैरों पर खड़ी होती हैं। वे ऐसा अपने माता-पिता या परिवार के खर्च पर नहीं करतीं।”
कंगना रनौत बोलीं- ये बेशर्मी से अपने माता-पिता की कमाई पर जीती हैं
कंगना रनौत यहीं नहीं रुकतीं। वह आगे लिखती हैं, “यहां भारतीय महिलाओं की एक नई पीढ़ी है जो तथाकथित पश्चिमी तौर-तरीकों में डूबी हुई है। मैं उन्हें ‘जेनरेशन गटर’ कहती हूं। उनमें से कुछ का सिस्टम में कोई योगदान नहीं है।”वे पढ़ाई में अच्छी नहीं हैं, लेकिन वे इतनी बदसूरत और भ्रष्ट हैं कि वे अच्छी गृहिणी भी नहीं बन सकतीं। फिर भी वे गर्व से ड्रग्स लेने, शराब पीने या बॉडी काउंट (कई लोगों के साथ शारीरिक संबंध) की अपनी आजादी का दिखावा करती हैं। असल में बिना स्वतंत्र हुए स्वतंत्र जिंदगी जीने के लिए लगातार लड़ते हुए बेशर्मी से अपने माता-पिता की कमाई पर जीती हैं।’
कंगना रनौत ने कहा- आप बस बिगड़े हुए इंसान, गटर छाप
मंडी की सांसद 40 वर्षीय कंगना रनौत ने पोस्ट के आखिर में लिखा कि “आजाद जिंदगी कमानी पड़ती है” और “अगर आप बिना जिम्मेदारी के आजाद रहने की कोशिश करते हैं, तो आप बस एक बिगड़े हुए इंसान गटर छाप हैं।”
कंगना रनौत के विवादास्पद बोल पर कांग्रेस और AIMIM ने साधा निशाना
कंगना रनौत की इस पोस्ट को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है। AIMIM नेता वारिस पठान ने मांग की कि वह ‘Gen Z’ प्रदर्शनकारियों से माफी मांगें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी आग्रह किया कि वे उनकी टिप्पणियों पर ध्यान दें। कांग्रेस नेता भाई जगताप ने कहा कि प्रदर्शनकारियों पर हमला करने के बजाय, कंगना रनौत को प्रदर्शन के दौरान छात्रों के साथ किए गए व्यवहार पर चिंता जतानी चाहिए थी।
कंगना ने Gen Z प्रदर्शनकारियों की रील्स को कहा- उल्टी करने लायक
वैसे, कंगना रनौत की ‘जेन जी’ (Gen Z) प्रदर्शनकारियों के बारे में ये बातें कोई नई नहीं हैं। उन्होंने पहले भी एक इंस्टाग्राम स्टोरी में CJP विरोध-प्रदर्शन पर टिप्पणी की थी—यह पोस्ट 24 घंटे की समय-सीमा के कारण अब हट चुकी है। उस पोस्ट में उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों की भाषा के बारे में लिखा था। “मैंने अपनी जिंदगी में इतनी बदसूरत चीज कभी नहीं देखी। ‘Gen Z के विरोध प्रदर्शनों की ये रील्स उल्टी लाने वाली हैं। जिस तरह से वे बात करते हैं और जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हैं… मैंने अपनी जिंदगी में कभी भी इतना अजीब और भद्दा एक साथ नहीं देखा।’
‘छी, उन्हें कौन पैदा कर रहा है और पाल-पोस रहा है?’
विरोध कर रहे बच्चों के माता-पिता पर निशाना साधते हुए कंगना रनौत ने लिखा, “छी, इन्हें कौन पैदा कर रहा है और पाल-पोस रहा है? भारत अलग-अलग तरह के खूबसूरत लोगों का देश है,जो गरिमा और सांस्कृतिक समझ से जुड़े हैं। आप खुद को कॉकरोच कहते हैं और दिखते और बर्ताव भी बिल्कुल वैसे ही करते हैं। यहां कोई विरोधाभास या तुलना नहीं है, बात बस दुनिया के सामने आपकी गंदगी, कचरे और बदसूरती को उजागर करने की है। मैं इन रील्स से तंग आ चुकी हूं। ठीक होने के लिए मुझे डिजिटल डिटॉक्स की जरूरत है।”(एजेंसी)

