PM की पोस्ट हटने के मामले में META ने मांगी माफी, तकनीकी त्रुटि बताई कारण
PM Modi Facebook Video: मेटा ने प्रधानमंत्री की सोशल मीडिया पोस्ट हटाने के लिए मोदी सरकार से माफी मांगी है। यह साफ किया गया कि पोस्ट को एक तकनीकी खराबी के कारण हटाया गया था। पीएम मोदी ने हाल ही में फेसबुक पर NEET पेपर लीक मामले से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने दोषियों केखिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही थी। हालांकि, बाद में मेटा ने उस पोस्ट को हटा दिया, जिससे विवाद छिड़ गया।
मेटा ने मांगी माफी
सूत्रों के अनुसार, मेटा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो फेसबुक से हटाए जाने को लेकर सरकार से माफी मांगी है। मेटा ने माना कि वीडियो को हटाना उनकी तरफ से हुई एक तकनीकी गड़बड़ी का नतीजा था। सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और मेटा के अधिकारियों को जल्द ही स्पष्टीकरण देने के लिए बुलाया जा सकता है।बताया जा रहा है कि भारत सरकार ने इस मामले में मेटा से विस्तृत जवाब मांगा है, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोशल मीडिया पोस्ट को हटाने के कारण का पता लगाया जा सके। वहीं, मेटा ने अपनी गलती मानते हुए कहा है कि पोस्ट को तकनीकी खराबी के कारण हटाया गया था। कंपनी ने यह भी पुष्टि की है कि फेसबुक पोस्ट को अब बहाल कर दिया गया है।
जानकारी के लिए बता दें कि मेटा एक अमेरिकी कंपनी है जो Facebook, Instagram और WhatsApp जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म चलाती है, इसके मौजूदा CEO मार्क जकरबर्ग हैं। भारत में मेटा कई बार विवादों में रही है कभी भड़काऊ पोस्ट को तुरंत न हटाने को लेकर तो कभी भारतीय नियमों का ठीक से पालन न करने को लेकर। इस बार विवाद इसलिए और बढ़ गया है क्योंकि खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक Facebook पोस्ट को हटा दिया गया था।मेटा द्वारा दी गई सफाई और माफी पर सरकार ने कोई जवाब नहीं दिया है। अभी इस मामले की जांच की जा रही है, मेटा के अधिकारियों को समन भी दिया गया है।
भाजपा ने मेटा को घेरा
इस खुलासे के बाद, BJP ने Meta पर सवाल उठाए हैं। महाराष्ट्र BJP की प्रवक्ता और पार्टी की IT और सोशल मीडिया इंचार्ज, प्रीति गांधी ने सोशल मीडिया पर कंपनी की आलोचना की। उन्होंने लिखा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं से जुड़ने के लिए अपना पहला सेल्फी वीडियो शेयर किया, फिर भी Facebook ने इसकी पहुंच को सिर्फ भारत तक ही सीमित रखा। उन्होंने पूछा कि Meta को यह तय करने का अधिकार किसने दिया कि भारत के लोगों को क्या देखना चाहिए और क्या नहीं।
आखिर क्या था वीडियो विवाद?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार को देर रात करीब 1:25 बजे वीडियो पर ‘See Why’ ऑप्शन से पता चला कि कानूनी अनुरोध के बाद भारत में PM मोदी के वीडियो कंटेंट को रोक दिया गया था। मेटा के नोटिस में इससे जुड़े कानूनी प्रावधान या अनुरोध करने वाले अधिकारी/संस्था का जिक्र नहीं था। यह ब्लॉकिंग विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब मेटा पहले से ही एक बहुत गंभीर मामले को लेकर भारत सरकार को जवाब दे रही है। (एजेंसी)

