Sonam Wangchuk Health Update: अनशन के 24वें दिन अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक की तबीयत कैसी? सफदरजंग अस्पताल ने जारी किया मेडिकल बुलेटिन
Sonam Wangchuk Health Update: मशहूर शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का आज 24वां दिन है। लगातार लंबे अनशन के बाद उनकी सेहत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंगलवार सुबह जारी मेडिकल बुलेटिन में उनकी स्थिति को लेकर ताजा अपडेट साझा किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, वांगचुक के शरीर के जरूरी विटल पैरामीटर्स अभी स्थिर हैं, लेकिन उनके ब्लड शुगर का स्तर लगातार कम बना हुआ है।
लैब रिपोर्ट में पैनसाइटोपेनिया की पुष्टि, पोटेशियम का स्तर गिरा
कल रात लिए गए ब्लड सैंपल की रिपोर्ट के अनुसार, सोनम वांगचुक का सीरम पोटेशियम लेवल घटकर 3.2 mEq/L पर आ गया है। इसके अलावा उन्हें लगातार पैनसाइटोपेनिया (pancytopenia) की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, जिसमें शरीर में एनीमिया (खून की कमी) और ल्यूकोसाइट (व्हाइट ब्लड सेल्स) का काउंट कम हो जाता है।
वरिष्ठ डॉक्टरों का कहना है कि इन लैबोरेटरी पैरामीटर्स को देखते हुए उनकी स्थिति संवेदनशील बनी हुई है और उन्हें कड़ी मेडिकल निगरानी की सख्त जरूरत है।
डॉक्टरों की सलाह के बावजूद IV फ्लूइड लेने से इंकार
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि लगातार उपवास के कारण सोनम वांगचुक में हल्के से मध्यम डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी) के लक्षण दिख रहे हैं। डॉक्टरों ने उन्हें नसों के जरिए तरल पदार्थ और ग्लूकोज (IV Fluids) देने की सलाह दी है, लेकिन बार-बार की मेडिकल सलाह के बावजूद वांगचुक ने ड्रिप या ग्लूकोज़ लेने से साफ मना कर दिया है।
मेडिकल बुलेटिन का बयान:
“मरीज की ओर से IV फ्लूइड इंकार करने के बाद फिलहाल उन्हें ओरल रिहाइड्रेशन थेरेपी (ORS) और मुंह के जरिए पोटेशियम सप्लीमेंट दिए जा रहे हैं। लंबे अनशन से उत्पन्न शारीरिक तनाव और जटिलताओं से बचाने के लिए उन पर क्लिनिकल निगरानी बनाए रखना अनिवार्य है।”
कड़ी निगरानी में जारी है इलाज
अस्पताल के मुताबिक, उन्हें हर संभव आवश्यक मेडिकल देखभाल दी जा रही है। एक विशेषज्ञ टीम उनकी क्लिनिकल प्रगति और रोजाना होने वाली पैथोलॉजी जांचों के आधार पर उनके आगे के इलाज की रणनीति तय कर रही है।

