सोनम वांगचुक के अनशन की अमेरिका तक गूंज, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को मिला समर्थन
Sonam Wangchuk Hunger Strike: दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक के समर्थन में अब अमेरिका से भी आवाजें उठ रही हैं। शुक्रवार को, अमेरिका के दो नागरिक संगठनों ने वाशिंगटन डी.सी. में विरोध प्रदर्शन किया और मांग की कि भारत सरकार कथित NEET परीक्षा पेपर लीक मामले में तुरंत कार्रवाई करे और प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत शुरू करे।
‘हिंदूज़ फॉर ह्यूमन राइट्स’ और ‘द आजादी प्रोजेक्ट’ के कार्यकर्ता भारतीय दूतावास के पास महात्मा गांधी की मूर्ति के सामने इकट्ठा हुए। प्रदर्शनकारियों ने सोनम वांगचुक के समर्थन में प्लेकार्ड दिखाए और शिक्षा व्यवस्था में सुधार, जवाबदेही और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।विरोध-प्रदर्शन से पहले, ‘हिंदूज़ फॉर ह्यूमन राइट्स’ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक खुला पत्र भी लिखा। संगठन ने कहा कि सरकार को तुरंत प्रदर्शनकारियों से बातचीत करनी चाहिए, परीक्षा प्रणाली में सामने आई कमियों पर ठोस जवाब देना चाहिए और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए समय पर प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों की मांगों पर सरकार करे बात
संगठन की कार्यकारी निदेशक सुनीता विश्वनाथ ने कहा कि सरकार को और इंतजार नहीं करना चाहिए। उन्होंने अपील की कि तुरंत बातचीत शुरू की जाए और प्रदर्शनकारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाए, ताकि किसी की जान जोखिम में न पड़े।संगठन ने सोनम वांगचुक और भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों से अपनी सेहत को प्राथमिकता देने की अपील भी की। बयान में कहा गया कि उनकी आवाज न सिर्फ भारत बल्कि दुनिया के कई हिस्सों तक पहुंच चुकी है, और अपनी मांगें मनवाने के लिए उन्हें अपनी जान जोखिम में डालने की जरूरत नहीं होनी चाहिए।
28 जून से भूख हड़ताल पर थे सोनम वांगचुक
गौरतलब है कि सोनम वांगचुक 28 जून से दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर थे। उन्होंने यह विरोध प्रदर्शन शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही और सुधार की मांग करने के साथ-साथ कथित NEET परीक्षा पेपर लीक के मुद्दे को उठाने के लिए शुरू किया था। शनिवार को तबीयत बिगड़ने के कारण दिल्ली पुलिस उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले गई। अब वॉशिंगटन में हुए इस प्रदर्शन ने इस आंदोलन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बना दिया है। (एजेंसी)

