206वें दिन भी नहीं थमा D.Ed अभ्यर्थियों का आंदोलन, विधानसभा कूच पर पुलिस ने रोका
2,300 शिक्षक पदों पर भर्ती की मांग को लेकर दण्डवत् रैली, अभ्यर्थियों ने सरकार पर अदालत के आदेशों की अनदेखी का लगाया आरोप
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे डीएड अभ्यर्थियों का धरना गुरुवार को 206वें दिन भी जारी रहा। नियुक्ति की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने नया रायपुर स्थित धरना स्थल से दण्डवत् प्रणाम रैली निकालते हुए विधानसभा घेराव के लिए कूच किया। हालांकि, विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने धरना स्थल के मुख्य द्वार पर ही रोक दिया।
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि न्यायालय के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद 2,300 रिक्त शिक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की जा रही है। उनका आरोप है कि सरकार और प्रशासन अदालत के आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं, जिससे पात्र अभ्यर्थियों को लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार करना पड़ रहा है।
आंदोलनकारियों ने कहा कि वे पिछले 206 दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई। उनका कहना है कि यह केवल अभ्यर्थियों के अधिकारों का ही नहीं, बल्कि न्यायपालिका के निर्देशों की भी अनदेखी है।
अभ्यर्थियों ने सवाल उठाया कि यदि न्यायालय के आदेशों का भी पालन नहीं किया जा रहा है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द 2,300 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और न्यायालय के निर्देशों का पालन करने की मांग दोहराई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

