Fri. Jul 17th, 2026

महादेव बेटिंग ऐप केस: दूसरे दिन भी ED के सामने पेश हुई शेफाली बग्गा

रायपुर में लगातार दूसरे दिन पूछताछ, बेटिंग ऐप प्रमोशन और डिजिटल साक्ष्यों को लेकर ED के सवाल

 

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले की जांच तेज हो गई है। पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट और टीवी प्रेजेंटर शेफाली बग्गा शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन रायपुर स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ED) के कार्यालय पहुंचीं, जहां जांच अधिकारी उनसे बेटिंग ऐप के कथित प्रचार-प्रसार और डिजिटल गतिविधियों को लेकर पूछताछ कर रहे हैं।

 

इससे पहले गुरुवार को भी ईडी ने शेफाली बग्गा से करीब पांच घंटे तक पूछताछ की थी। जांच एजेंसी का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों में सामने आए कुछ तथ्यों के आधार पर उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

 

जांच के दौरान महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े कथित प्रमोशनल वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल सामग्री की भी जांच की जा रही है। ईडी इस बात की पड़ताल कर रही है कि इन गतिविधियों में शेफाली बग्गा की कथित भूमिका क्या रही।

 

एजेंसी की जांच में महादेव नेटवर्क के कथित हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से जुड़े संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है। ईडी के अनुसार, ठक्कर पर महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क से जुड़े कथित हवाला लेनदेन और वित्तीय गतिविधियों के संचालन का आरोप है। हालांकि इन आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

 

ईडी को यह भी संदेह है कि शेफाली बग्गा कथित तौर पर दुबई और लंदन से संचालित कुछ बेटिंग ऐप्स के प्रचार-प्रसार से जुड़ी हो सकती हैं। इसके अलावा एजेंसी उनके टेलीग्राम चैनल की भी जांच कर रही है। ईडी का दावा है कि इस चैनल के माध्यम से कथित रूप से गैरकानूनी बेटिंग से संबंधित प्रचार सामग्री और टिप्स साझा किए जाते थे।

 

इधर महादेव बेटिंग ऐप मामले में कारोबारी विकास गर्ग की गिरफ्तारी और उनकी संपत्तियों को अटैच किए जाने के बाद जांच और तेज हो गई है। ईडी मामले से जुड़े वित्तीय लेनदेन और अन्य संदिग्ध कड़ियों की भी जांच कर रही है।

 

 

About The Author