15 जुलाई को लॉन्च होगी नई IRCTC वेबसाइट, टिकट बुकिंग होगी पहले से ज्यादा आसान
IRCTC Website Update: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पिछले ही महीने नई IRCTC वेबसाइट की घोषणा की थी और बताया था कि इसे 15 जुलाई तक लॉन्च कर दिया जाएगा। इस पहल का मकसद आम लोगों के लिए टिकट बुकिंग को और आसान बनाना है। आइए, इस बहुचर्चित नई वेबसाइट में प्रस्तावित बदलावों और इससे यूजर्स को मिलने वाली सुविधाओं पर एक नजर डालते हैं।
पिछले साल जून में, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने छात्रों से बातचीत करने के लिए राजस्थान के जयपुर में मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का दौरा किया। बातचीत के दौरान, एक छात्रा ने रेल मंत्री से सीधे शिकायत की कि ऑनलाइन टिकट बुक करते समय IRCTC की वेबसाइट हैंग हो जाती है।इसके बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा था कि रेलवे 15 जुलाई 2026 को IRCTC की नई वेबसाइट लॉन्च करेगा और कल 15 जुलाई है। ऐसे में कल भारतीय रेलवे की नई IRCTC वेबसाइट लॉन्च होगी। चलिए जानते हैं इस नई पोर्टल पर क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी
वेबसाइट में क्या नया होगा
रेल मंत्री के नई वेबसाइट लॉन्च करने की घोषणा से पहले ही यह चर्चा थी कि भारतीय रेलवे अगस्त से अपने 40 साल पुराने रिजर्वेशन सिस्टम को बदल देगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा था कि नया रिजर्वेशन सिस्टम तेज होगा, जिससे यात्रियों को कम परेशानी होगी और टिकट बुक करने में कम समय लगेगा।
नई वेबसाइट पर पेज तेजी से लोड होंगे। खासकर, तत्काल बुकिंग के दौरान साइट धीमी नहीं होगी। बेहतर यूजर अनुभव के लिए CAPTCHA सिस्टम को हटा दिया गया है, जिससे बुकिंग में लगने वाला समय कम हो जाएगा। साथ ही, पेजों पर कोई अनावश्यक पॉप-अप या ग्राफिक्स नहीं होंगे।
AI से पता चलेगा कि टिकट कब तक कन्फर्म होगा
इस नए सिस्टम की सबसे खास बात टिकट बुकिंग और वेटलिस्ट प्रेडिक्शन के लिए AI-बेस्ड सुविधा है। इससे यात्रियों को बुकिंग के समय ही यह पता चल जाता है कि उनके वेटलिस्टेड या RAC टिकट के कन्फर्म होने की कितनी संभावना है। यह फीचर कन्फर्मेशन प्रेडिक्शन की सटीकता को काफी बढ़ा देगा।
नई व्यवस्था के तहत, यात्रियों को नई वेबसाइट और ऐप पर बेहतर अनुभव मिलेगा और टिकट बुकिंग के दौरान सर्वर पर लोड कम होगा। यह वेबसाइट त्योहारों के मौसम में एक साथ कई बुकिंग होने की वजह से आने वाली धीमी गति की समस्या को खत्म कर देगी। (एजेंसी)

