दिल्ली में बुलडोजर एक्शन तेज, पीतमपुरा की मेन रोड पर बनी मजार हटाई गई
Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली में बुलडोजर की कार्रवाई जारी है। दिल्ली सरकार सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त रुख अपना रही है और बिना मंजूरी के किए गए निर्माण को लेकर जीरो-टॉलरेंस की नीति अपना रही है। इसी क्रम में, दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने आज, मंगलवार (14 जुलाई) को उत्तर-पश्चिम दिल्ली के पीतमपुरा-शालीमार बाग इलाके में सख्त कार्रवाई की। मंगलवार को दिल्ली नगर निगम (MCD) की एक टीम बुलडोजर के साथ पीतमपुरा पहुंची और सड़क पर हुए अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की। भारी पुलिस बल के साथ आई प्रशासनिक टीम ने पीतमपुरा में मुख्य सड़क पर बनी एक मजार को भी हटा दिया। इस दैरान सुरक्षा व्यवस्था का खास ख्याल रखा गया है। इस कार्रवाई का उद्देश्य सुगम और जाम मुक्त आवागमन सुनिश्चित करना है।
सड़क का चौड़ीकरण परियोजना के लिए सरकार का एक्शन
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली सरकार ने पीतमपुरा को शालीमार बाग से जोड़ने वाली मुख्य सड़क को चौड़ा करने का ऐलान किया है। सड़क को चौड़ा करने के काम को आगे बढ़ाने के लिए, रेखा गुप्ता की अगुवाई में अवैध निर्माणों को हटाने का अभियान शुरू किया गया है। पीतमपुरा-शालीमार बाग इलाके में सड़क चौड़ी करने की इस पहल के तहत सड़क के किनारे बने अवैध निर्माणों को हटाया जा रहा है।इस परियोजना का उद्देश्य ट्रैफिक जाम को कम करना और शालीमार बाग, आजादपुर, रिंग रोड और आस-पास के रिहायशी और कमर्शियल इलाकों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी देना है। सड़क चौड़ी करने के काम के तहत, शालीमार बाग के हैदरपुर इलाके में अतिक्रमण हटाने का अभियान भी चलाया गया। इस अभियान से प्रभावित परिवारों के लिए 3 लाख की एकमुश्त अनुग्रह राशि देने का प्रावधान किया गया है।
DDA ने अवैध कब्जाधारी को चेतावनी
गौरतलब है कि DDA ने सोमवार को सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने वालों को चेतावनी जारी की। DDA ने साफ किया कि अगर सरकारी जमीन पर कब्जा, अवैध निर्माण या बिना इजाजत पार्किंग जैसी गतिविधियां पाई गईं, तो बिना किसी पूर्व सूचना के कार्रवाई की जाएगी। DDA ने यह भी साफ कर दिया है कि तोड़-फोड़ की कार्रवाई का पूरा खर्च संबंधित कब्जेदारों से वसूला जाएगा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने मंगलवार को भी इलाके में बुलडोजर की कार्रवाई जारी रखी। पीतमपुरा और शालीमार बाग को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर बनी एक मजार को हटा दिया गया। यह ढांचा मुख्य सड़क के बीचों-बीच बना हुआ था। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मजार को गिरा दिया गया। दिल्ली सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अवैध कब्जों के मामले में कोई नरमी न बरतें। (एजेंसी)

