गुजरात में चांदीपुरा वायरस का खतरा बढ़ा, एक महीने में 12 बच्चों की मौत
7 बच्चे संक्रमित मिले, 3 मौतों की पुष्टि, कई जिलों में स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर
गुजरात में चांदीपुरा वायरस को लेकर चिंता लगातार बढ़ रही है। पिछले एक महीने में संक्रमण की आशंका के बीच 12 बच्चों की मौत हो चुकी है। इनमें से 3 बच्चों में चांदीपुरा वायरस संक्रमण की आधिकारिक पुष्टि हुई है, जबकि 9 अन्य बच्चों की मौत के कारणों की जांच जारी है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अंतिम पुष्टि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। संक्रमण के संदिग्ध मामले गांधीनगर, साबरकांठा, खेड़ा, अरावली और पंचमहल समेत कई जिलों में सामने आए हैं।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानसेरिया ने बताया कि अब तक चांदीपुरा वायरस से 3 बच्चों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इनमें गोधरा के दो और राजस्थान के एक बच्चे की मौत हिम्मतनगर में हुई। प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है और रोकथाम व उपचार के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है।
हिम्मतनगर सिविल अस्पताल में चांदीपुरा वायरस जैसे लक्षण वाले 6 बच्चों और गोधरा सिविल अस्पताल में 3 बच्चों की मौत हुई है। सभी मामलों की जांच जारी है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
अब तक 27 संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें से 19 रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी हैं, जिनमें 7 बच्चे संक्रमित पाए गए। इन 7 संक्रमित बच्चों में से 3 की मौत हो चुकी है, जबकि 4 बच्चों का इलाज जारी है। शेष 8 सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पंचमहल जिले में सबसे ज्यादा 13 संदिग्ध मामले सामने आए हैं। महिसागर का एक बच्चा वेंटिलेटर पर है। गोधरा और वडोदरा के अस्पतालों में कई बच्चों का इलाज जारी है। एक बच्चे को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

