Mon. Jul 13th, 2026

25 दिन की बेटी और जवान बेटे की मौत ने बदल दी अनुराधा पौड़वाल की जिंदगी, संगीत से भी टूटा नाता

Anuradha Paudwal : अपनी सुरीली आवाज से लाखों दिलों को मोह लेने वाली अनुराधा पौडवाल ने पहली बार अपने एक ऐसे दर्द बयां किया है जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते थे। सभी जानते हैं कि उन्होंने 2020 में अपने 35 वर्षीय बेटे आदित्य को खो दिया था, लेकिन अब गायिका ने खुलासा किया है कि इससे पहले उन्होंने अपनी नवजात बेटी को भी खो दिया था।

सिर्फ 25 दिन की थी बेटी

न्यूज बुक को दिए एक इंटरव्यू में अनुराधा पौडवाल ने बताया कि उनकी पहली बेटी का निधन मात्र 25 दिन की उम्र में हो गया था। गायिका ने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे बड़ा सदमा था। इस दर्द ने उन्हें अंदर से पूरी तरह तोड़ दिया था। अनुराधा ने बताया कि बेटी की मौत के बाद उनका जीने और गाने का मन ही खत्म हो गया था। उन्होंने कहा- मैंने सोच लिया था कि अब म्यूजिक छोड़ दूंगी। सब कुछ खत्म हो गया था। फिर मैं दक्षिणेश्वर काली मंदिर गई। वहां मां काली से प्रार्थना की और धीरे-धीरे जिंदगी ने फिर से नई राह दिखाई। उनका एक बेटा और बेटी हुई।

2020 में बेटे की मौत ने फिर तोड़ दिया

समय के साथ अनुराधा की हालत सुधर गई, लेकिन 2020 में एक बार फिर उनके जीवन में त्रासदी आ पड़ी। उनके इकलौते बेटे आदित्य पौडवाल का 35 वर्ष की आयु में किडनी फेल होने से निधन हो गया। उनके बेटे के निधन की खबर से पूरा संगीत जगत सदमे में था। अनुराधा पौडवाल का विवाह प्रसिद्ध संगीतकार अरुण पौडवाल से हुआ था। उन्होंने कई फिल्मों और भक्ति गीतों में साथ काम किया। अरुण पौडवाल का 1991 में निधन हो गया। आज उनके परिवार में केवल एक बेटी, कविता पौडवाल हैं, जो संगीत जगत से जुड़ी हुई हैं।

दर्द को भुलाकर भक्ति संगीत में मिली नई पहचान

बॉलीवुड में कई सुपरहिट गाने देने के बाद, अनुराधा पौडवाल ने भक्ति संगीत का मार्ग चुना। देवी दुर्गा, शिव और अन्य देवी-देवताओं को समर्पित उनके भजन आज भी लाखों लोगों की पहली पसंद हैं। हिंदू भजनों के अलावा, उन्होंने इस्लामी, ईसाई, जैन, बौद्ध और सिख भक्ति गीत भी गाए हैं। उन्होंने हजारों भजन गाए हैं और आज भी भजन गायन में सक्रिय हैं। लेकिन इन गीतों के पीछे एक माँ का दर्द छिपा था, जिसने पहले अपनी 25 दिन की बेटी को खोया और फिर जवान बेटे ने हमेशा के लिए अलविदा कहा। वर्षों बाद, सालों बाद जब अनुराधा ने यह दर्द दुनिया के सामने रखा, तो उनके फैंस भी भावुक हो गए। (एजेंसी)

About The Author