Mon. Jul 13th, 2026

अयोध्या के राम मंदिर में निकली CEO की भर्ती, जानें कौन कर सकता है अप्लाई

Ram Mandir CEO Vacancy: अयोध्या के राम मंदिर में कथित तौर पर चंदा चोरी से जुड़े विवादों के बीच, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर के लिए CEO पद के लिए वेकेंसी निकाली है। ट्रस्ट ने योग्य उम्मीदवारों को इस पद के लिए आवेदन करने को आमंत्रित किया है, जिसके अंतर्गत मंदिर के दैनिक संचालन और वित्तीय प्रबंधन की देखरेख कर सके। ट्रस्ट द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, सीईओ के पद के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि शनिवार, 18 जुलाई, 2026 को शाम 4:00 बजे तक निर्धारित की गई है। इसके लिए उन्हें searchcommittee.srjbt@gmail.com पर मेल करना होगा। जिसे इस पद के लिए चुना जाएगा, वो तीन साल के लिए कॉन्ट्रैक्ट पर इस पद पर बने रहेंगे। मंदिर ट्रस्ट की तरफ से ये भी बताया गया है कि राम मंदिर के सीईओ की सैलरी कैसे तय की जाएगी। आवेदक की सैलरी और सुविधाएं बातचीत के बाद तय की जाएंगी।

ट्रस्ट का CEO बनने के लिए जरूरी योग्यताएं

आवेदन करने वाले उम्मीदवार को कम से कम ग्रेजुएट होना जरूरी होगा।
उम्मीदवार की आयु 50 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
किसी बड़ी कंपनी के प्रबंधकीय दायित्व में कार्य करने का न्यूनतम 20 वर्षों का अनुभव जरूरी है।
इस अनुभव में कई विभागों को एक साथ संभालने का अनुभव शामिल होना चाहिए।
उम्मीदवार को धर्म से हिंदू होना जरूरी है।
हिंदी और अंग्रेजी का अच्छा ज्ञान होना चाहिए।

आवेदन की अंतिम तिथि: शनिवार 18 जुलाई 2026; सायं 4 बजे

राम मंदिर ट्रस्ट का CEO बनने के लिए उम्मीदवार की उम्र 50 से 70 साल के बीच होनी चाहिए। इसके साथ ही उसे किसी बड़े सार्वजनिक संगठन, संस्थान, सरकारी विभाग या कंपनी में प्रबंधकीय जिम्मेदारियों का कम से कम 20 साल का अनुभव जरूर होना चाहिए।

CEO सिलेक्शन के लिए बनाई गई कमेटी

चंदा चोरी के मामले पर बैठक के बाद ही ट्रस्ट ने सीईओ की नियुक्ति का निर्णय लिया। प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए तीन सदस्यीय विशेष “खोज समिति” का गठन किया गया है। इस समिति में सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रदीप कोहली, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी और श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट (शिरडी) के पूर्व अध्यक्ष सुरेश हावड़े शामिल हैं।

ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने पूरी प्रक्रिया का विस्तृत विवरण दिया। उन्होंने बताया कि यह चयन समिति सभी आवेदकों की सावधानीपूर्वक जांच करेगी और योग्य उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेगी। इसके बाद समिति अंतिम चयन के लिए ट्रस्ट के समक्ष तीन सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवारों के नाम प्रस्तुत करेगी, जिनमें से एक को सीईओ के रूप में चुना जाएगा।

क्या होगा काम और किसे होगी रिपोर्टिंग?

राम मंदिर के सीईओ सीधे महासचिव को रिपोर्ट करेंगे। ट्रस्ट के सीईओ के रूप में, वे संगठन के सभी कानूनी, प्रशासनिक और वित्तीय मामलों की देखरेख के लिए जिम्मेदार होंगे। ट्रस्ट के संचालन के लिए प्रभावी नियम, प्रक्रियाएं और प्रणालियां विकसित करना और ट्रस्ट के लक्ष्यों और आकार की अखंडता सुनिश्चित करना भी उनकी जिम्मेदारी होगी। संगठन के लक्ष्यों और आकार के अनुरूप संपूर्ण स्टाफ और संगठनात्मक संरचना को मजबूत करना भी उनका दायित्व होगा। ट्रस्ट के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और स्टाफ के लिए सर्वोच्च कार्यकारी प्राधिकारी के रूप में कार्य करें। ट्रस्ट के वर्तमान संचालन और भविष्य की विकास परियोजनाओं का कुशलतापूर्वक प्रबंधन करें। वित्तीय लेन-देन, लेखा प्रणाली और संगठनात्मक जानकारी में पूर्ण सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखें। (एजेंसी)

About The Author