Shekhar Suman on Aamir Khan: ‘आमिर खान चला रहे हैं ट्रिपल इंजन सरकार!’ तीसरी शादी पर शेखर सुमन का तगड़ा तंज, बोले- अब तो मोदी जी भी सकते में हैं!
बॉलीवुड अभिनेता Aamir Khan द्वारा 5 जुलाई 2026 को गौरी स्प्रैट के साथ की गई तीसरी शादी इन दिनों टॉक ऑफ द टाउन बनी हुई है। जहां एक तरफ फैंस और करीबी उन्हें नए सफर की बधाई दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मनोरंजन जगत में इसे लेकर मजेदार चुटकुलों और तंज का दौर भी शुरू हो गया है। हाल ही में अपने बेहद पॉपुलर टॉक शो ‘शेखर टुनाइट’ (Shekhar Tonight) में मशहूर अभिनेता और होस्ट शेखर सुमन ने आमिर खान की तीसरी शादी पर अपने ही अनोखे और व्यंग्यात्मक अंदाज में जमकर चुटकी ली है।
डबल नहीं, यहां ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ चल रही है!
अपने शो के एक मजेदार मोनोलॉग में शेखर सुमन ने देश के राजनेताओं को गठबंधन सीखने के लिए आमिर खान के पास जाने की सलाह दे डाली। शेखर सुमन ने तंज कसते हुए कहा, “कहते हैं कि राजनीति करने वालों को गठबंधन की बड़ी गहरी समझ है। लेकिन उन्हें गठबंधन की सही सलाह आमिर खान साहब से सीखनी चाहिए। इन्होंने पहला गठबंधन किया, वो टूट गया। दूसरा किया, वो भी दुर्भाग्यवश टूट गया। अब इन्होंने तीसरा गठबंधन किया है। मुझे लगता है कि अब इसे गठबंधन नहीं, महागठबंधन कहा जाना चाहिए। देखिए ना, देश में पार्टियां ‘डबल इंजन सरकार’ नहीं चला पा रही हैं, और ये धड़ल्ले से ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ चला रहे हैं, वो भी पूरे परफेक्शन के साथ!”
मोदी जी भी आ गए सकते में…
शेखर सुमन यहीं नहीं रुके, उन्होंने देश की राजनीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए आगे कहा, “किसी और के अच्छे दिन आएं या ना आएं, खान साहब के लगातार तीसरी बार अच्छे दिन आ गए हैं। आमिर खान ने पूर्ण बहुमत से तीसरी बार सरकार बना ली है। आमिर खान ना हुए, एनडीए (NDA) सरकार हो गई। अब तो मोदी जी भी सकते में हैं कि मैंने अभी-अभी तो नेहरू जी का रिकॉर्ड तोड़ा है, ये पीछे से आमिर कहां से आ गया?”
‘इंडिया’ गठबंधन और ‘वसुधैव कुटुम्बकम’
आमिर खान की शादी में उनकी दोनों पूर्व पत्नियों (रीना दत्ता और किरण राव) और सभी बच्चों की मौजूदगी पर शेखर ने इसे ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ का सटीक उदाहरण बताया। उन्होंने मजाकिया लहजे में विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा, “आमिर की ये शादी पूरी तरह से पारिवारिक माहौल में हुई, जहां पहली पत्नी, दूसरी पत्नी और उनके बच्चे सब शामिल थे। मुझे लगता है कि ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन को आमिर खान से सीखना चाहिए कि अपने नए-पुराने गठबंधन के साथियों को एक साथ लेकर कैसे चला जाता है।”
परफेक्शन की कोई सीमा नहीं होती!
आमिर खान के ‘मिस्टर परफेक्टनिस्ट’ वाले टैग पर चुटकी लेते हुए शेखर सुमन बोले, “अब समझ में आया कि उन्हें ऐसे ही परफेक्शनिस्ट नहीं कहते। वो कोई भी काम तब तक करते रहते हैं, जब तक वो उसमें परफेक्ट ना हो जाएं। और जैसा कि आप और हम सब जानते हैं कि परफेक्शन की कोई सीमा नहीं होती… और जब बात आमिर की हो, तो सीमा छोड़िए, उनके जीवन में कोई रीना, कोई किरण नहीं टिकती।”
ऐसी है आमिर की शादियों का सफर
बता दें कि 61 साल के आमिर खान ने सबसे पहले 1986 में रीना दत्ता से शादी की थी, जिनसे उनका 2002 में तलाक हुआ (बच्चे: जुनैद और आइरा)। इसके बाद 2005 में किरण राव से शादी की और 2021 में अलग हो गए (बेटा: आजाद)। अब साल 2026 में उन्होंने गौरी स्प्रैट से तीसरी शादी की है, जिनसे उनकी मुलाकात 2024 में बेंगलुरु में हुई थी।

