‘मुगलों ने जब महिलाओं का रेप किया…’ राम मंदिर चोरी पर Anupam Kher का तर्क सुन भड़के लोग
Anupam Kher on Ram Mandir Chanda Chori Case: अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में हुई चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के मामले ने जहां एक तरफ पूरे देश को चौंका दिया है, वहीं अब इस पर बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर के एक बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। अनुपम खेर ने राम मंदिर में हुई चोरी को ‘मामूली बात’ बताते हुए इसका कनेक्शन मुगलों से जोड़ दिया है, जिसके बाद वह सोशल मीडिया यूजर्स के सीधे निशाने पर आ गए हैं।
‘इंडिया टुडे’ को दिए एक इंटरव्यू में अनुपम खेर ने मंदिर में हुई चोरी का बचाव करने के लिए इतिहास का सहारा लिया। उनका यह वीडियो अब ‘X’ (पहले ट्विटर) पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उन्हें जमकर खरी-खोटी सुना रहे हैं।
क्या कहा अनुपम खेर ने?
इंटरव्यू के दौरान अनुपम खेर ने कहा:
“लोग इसे इतनी बड़ी बात बना रहे हैं। कह रहे हैं कि लूट मची है मंदिर में, लूट मचा दी है… ऐसे-ऐसे शब्दों का इस्तेमाल हो रहा है। मंदिरों में लूट तब मची थी, जब मुगलों ने हमारे मंदिर को तोड़ा था। लूट तब मची थी, जब मुगल राजाओं ने ब्राह्मणों को मारकर उनके एक मन जनेऊ को इकट्ठा करके तोला था। लूट तब मची थी, जब महिलाओं के साथ मंदिर परिसर में बलात्कार किया गया। वो तो बहुत बड़ी प्रॉब्लम थी। अगर हम उससे उबर सकते हैं, तो फिर ये चोरी की बात तो बहुत छोटी चीज है।”
खेर का तर्क है कि मुगलों द्वारा देश से लूटी गई संपत्ति और किए गए अत्याचारों की तुलना में मंदिर में हुई 2 से 7 करोड़ रुपये की अनियमितता कुछ भी नहीं है।
सोशल मीडिया पर बुरी तरह घिरे, यूजर्स ने की बोलती बंद
अनुपम खेर का यह लॉजिक सोशल मीडिया यूजर्स के गले नहीं उतरा और लोगों ने उन्हें जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया।
बालों के साथ अक्ल भी गई: एक यूजर ने तीखा तंज कसते हुए लिखा, “भगवान ने बहुत पहले ही इनके बालों के साथ-साथ अक्ल भी ले ली थी। इस बेवकूफ की बात नहीं सुननी चाहिए।”
अजीबोगरीब लॉजिक: एक अन्य यूजर ने लिखा, “वाह, क्या जबरदस्त लॉजिक है। अगली बार जब कोई फिल्म फ्लॉप हो, तो डायरेक्टर या स्क्रिप्ट को नहीं, बल्कि टिकट काउंटर वाले को ही दोष देंगे।”
अगर आपका घर लुट जाए तो?: एक और यूजर ने सवाल किया, “अनुपम जी, जरा समझदारी से काम लीजिए। आप इसका समर्थन कर रहे हैं? अगर कोई आपका घर लूट ले, आपको चोट पहुंचाए, तो क्या आप कहेंगे कि ‘जाने भी दो, यह तो किसी का लालच था?'”
विरोध के बाद अनुपम खेर का पलटवार
चारों तरफ से आलोचनाओं से घिरने के बाद अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर कर अपनी सफाई दी है। उन्होंने लिखा:
“ईमानदार इंसान की सबसे बड़ी दौलत उसकी निडरता होती है। जिसके मन में चोर नहीं, उसकी नजर कभी नहीं झुकती।”
क्या है राम मंदिर चोरी का पूरा मामला?
आपको बता दें कि अयोध्या के राम मंदिर में चोरी और वित्तीय गड़बड़ी का यह मामला पहली बार 7 जून 2026 को सामने आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने तुरंत SIT (विशेष जांच दल) का गठन किया। इसके बाद 25 जून 2026 को इस मामले में एफआईआर (FIR) दर्ज की गई और अब तक इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अनुपम खेर जल्द ही ‘खोसला का घोसला 2’ और ‘श्रीराम भूमि’ जैसी फिल्मों में मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं।

