Sun. Jul 12th, 2026

भारत में Corona Virus की वापसी! आंध्र प्रदेश में 2 मरीजों की मौत के बाद हाई अलर्ट, स्वास्थ्य विभाग में मची खलबली

क्या Corona Virus एक बार फिर भारत में अपने पैर पसार रहा है? यह सवाल इसलिए उठने लगा है क्योंकि आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में कोविड-19 (COVID-19) के नए मामले सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। जिले में दो संक्रमित मरीजों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने निगरानी और तैयारियां बेहद तेज कर दी हैं।

इलाज के दौरान दो मरीजों ने तोड़ा दम

मिली जानकारी के अनुसार, कोरोना संक्रमण के चलते दो लोगों की जान चली गई है। पहला मामला राजमपेट का है, जहां एक 52 वर्षीय व्यक्ति में बुखार और खांसी के बाद कोविड-19 की पुष्टि हुई थी। उनकी वेल्लोर के क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (CMC) में इलाज के दौरान मौत हो गई।

दूसरा मामला कडपा शहर का है, जहां स्वास्थ्य संबंधी गंभीर दिक्कतों के कारण 43 वर्षीय एक व्यक्ति को सरकारी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें कोविड इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में शिफ्ट किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके अलावा, कडप्पा मेडिकल कॉलेज के एक 25 वर्षीय मेडिकल छात्र की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिसे होम आइसोलेशन में रखा गया है।

कडपा में ‘रैपिड रिस्पॉन्स टीमें’ तैनात

कोविड के नए मामले सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग तुरंत एक्शन मोड में आ गया है। प्रशासन ने कडपा में खास ‘रैपिड रिस्पॉन्स टीमें’ (RRT) तैनात कर दी हैं। इन टीमों ने प्रभावित इलाकों में जाकर लगभग 40 लोगों के सैंपल लिए हैं, जिनमें से 18 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है और बाकी के टेस्ट नतीजों का इंतजार किया जा रहा है। जिला स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, जिले में फिलहाल 8 एक्टिव मामले हैं। वायरस के वैरिएंट का पता लगाने के लिए सैंपल्स को पुणे की लैब में जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है।

प्रभारी मंत्री के सख्त निर्देश: मास्क पहनना अनिवार्य

आंध्र प्रदेश की जिला प्रभारी मंत्री सविता ने जिला कलेक्टर सीएच श्रीधर और जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (DM&HO) रवि बाबू से फोन पर बात कर संक्रमण को रोकने के लिए तुरंत कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री सविता ने निर्देश दिया: “जिन इलाकों में नए मामले सामने आए हैं, वहां कोविड-19 गाइडलाइंस को सख्ती से लागू किया जाए। अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक जगहों समेत सभी भीड़-भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनना अनिवार्य किया जाए।”

इसके साथ ही प्रशासन को बुखार, खांसी और सांस लेने में कठिनाई जैसे लक्षणों वाले लोगों की पहचान करने और जरूरत पड़ने पर उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भेजने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित इलाकों में साफ-सफाई और ब्लीचिंग का काम भी युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े