Sun. Jul 12th, 2026

मुंबई के ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी, रातभर चला सर्च ऑपरेशन, कॉल निकली फर्जी

नवी मुंबई कंट्रोल रूम में आया धमकी भरा फोन, कॉलर ने दाऊद इब्राहिम का लिया नाम, बम निरोधक दस्ते की जांच में कुछ नहीं मिला

 

 

Mumbai. मुंबई के प्रतिष्ठित ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद देर रात सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, बम निरोधक दस्ता (Bomb Detection and Disposal Squad), क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन टीम और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तत्काल मौके पर पहुंचीं। होटल परिसर की गहन तलाशी ली गई, लेकिन जांच के दौरान कोई भी विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने इस कॉल को फर्जी करार दिया है।

 

पुलिस के अनुसार, रात करीब 12:13 बजे नवी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर दावा किया कि मुंबई के ताज होटल में बम रखा गया है। कॉलर ने यह भी कहा कि दाऊद इब्राहिम ने होटल में बम रखवाया है। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने बिना देर किए पूरे इलाके को अलर्ट पर डाल दिया।

 

धमकी मिलने के बाद कोलाबा पुलिस, क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन टीम और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड ने होटल पहुंचकर पूरे परिसर की विस्तृत जांच की। होटल के सभी प्रमुख हिस्सों, कमरों और सार्वजनिक क्षेत्रों की तलाशी ली गई, लेकिन कहीं भी कोई विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

 

जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और प्रारंभिक तौर पर इस कॉल को फर्जी बताया। हालांकि मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कॉल करने वाले की पहचान करने के लिए जांच तेज कर दी है।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमकी भरा कॉल नवी मुंबई के तुर्भे इलाके से किया गया था। पुलिस अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से कॉलर का पता लगाने में जुटी है। स्थानीय पुलिस और साइबर टीम भी जांच में सहयोग कर रही हैं।

 

घटना के बाद ताज होटल और उसके आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रही है और एहतियात के तौर पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए गए हैं।

 

गौरतलब है कि इससे पहले भी कुछ महीने पहले ताज होटल को इसी तरह का धमकी भरा कॉल मिला था। उस समय भी व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया था, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। लगातार मिल रही ऐसी फर्जी धमकियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां किसी भी सूचना को हल्के में नहीं ले रही हैं और हर अलर्ट पर तत्काल कार्रवाई कर रही हैं।

 

पुलिस ने कहा है कि फर्जी बम की धमकी देना गंभीर अपराध है। कॉल करने वाले की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

About The Author