Sun. Jul 12th, 2026

Apple vs OpenAI: टेक जगत में महायुद्ध! ऐपल ने OpenAI को घसीटा अदालत, लगा ट्रेड सीक्रेट्स और आईफोन के पार्ट्स चोरी करने का गंभीर आरोप

Apple vs OpenAI: टेक जगत की दो सबसे बड़ी दिग्गज कंपनियों ऐपल (Apple) और ओपनएआई (OpenAI) के बीच एक बड़े महायुद्ध की शुरुआत हो चुकी है। आईफोन बनाने वाली कंपनी ऐपल ने चैटजीपीटी बनाने वाली एआई (AI) कंपनी OpenAI को ट्रेड सीक्रेट्स (व्यापारिक गोपनीयता) चुराने के गंभीर आरोप में अदालत में घसीट लिया है। ऐपल ने यह मुकदमा कैलिफोर्निया की एक संघीय अदालत (Federal Court) में दर्ज कराया है, जिसके बाद से पूरी टेक इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है।

संस्थान के स्तर पर साजिश रचने का आरोप

ऐपल का आरोप है कि OpenAI ने अपने नए हार्डवेयर प्रोडक्ट्स को विकसित करने के लिए ऐपल की सीक्रेट तकनीक का अवैध रूप से इस्तेमाल किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऐपल ने दावा किया है कि OpenAI ने सोची-समझी रणनीति के तहत संस्थान के स्तर पर एक बड़ी साजिश रची और ऐपल की संवेदनशील जानकारियों को हासिल करने के लिए उसके पूर्व कर्मचारियों का इस्तेमाल किया।

कटघरे में ऐपल के दो पूर्व बड़े अधिकारी

ऐपल ने इस कानूनी लड़ाई में OpenAI के साथ-साथ अपने दो पूर्व कर्मचारियों को भी मुख्य आरोपी बनाया है:

टैन टैन (Tang Tan): यह ऐपल के एक बेहद बड़े अधिकारी रहे हैं, जिन्होंने आईफोन, ऐपल वॉच और आईपॉड के डिजाइन में मुख्य भूमिका निभाई थी। वर्तमान में वह OpenAI में चीफ हार्डवेयर ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं।

चांग लियू (Chang Liu): यह ऐपल में एक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर थे और इसी साल इस्तीफा देकर OpenAI में शामिल हुए हैं।

कैसे की गई तकनीक और पार्ट्स की चोरी?

ऐपल द्वारा की गई आंतरिक जांच में बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं:

फाइल्स डाउनलोडिंग: चांग लियू पर आरोप है कि ऐपल से इस्तीफा देने के ठीक बाद उन्होंने कंपनी के आधिकारिक डिवाइस का गलत इस्तेमाल किया और हार्डवेयर डिजाइन से जुड़ी कई संवेदनशील व गोपनीय फाइल्स को अवैध रूप से डाउनलोड कर लिया।

असली पार्ट्स की चोरी: सबसे हैरान करने वाला आरोप टैन टैन पर लगा है। ऐपल का दावा है कि टैन टैन ने ऐपल में काम करने वाले उन कर्मचारियों से, जो OpenAI में इंटरव्यू के लिए आ रहे थे, ऐपल के असली पार्ट्स (Hardware Components) चुराकर साथ लाने को कहा था।

मुकदमे के बाद OpenAI की चुप्पी

ऐपल का कहना है कि इस मामले को लेकर उन्होंने पहले OpenAI से संपर्क कर अपनी चिंताएं जाहिर की थीं, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं दिया गया। जिसके बाद मजबूरी में ऐपल को अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। ऐपल ने सख्त लहजे में कहा है कि “OpenAI का हार्डवेयर बिजनेस पूरी तरह से गैरकानूनी है और चोरी की बुनियाद पर खड़ा है।”

ऐपल ने साफ किया है कि वे अपने मौजूदा कर्मचारियों की मेहनत और कंपनी के इनोवेशन की रक्षा के लिए हर जरूरी कानूनी कदम उठाएंगे। इस पूरे विवाद और मुकदमे पर फिलहाल OpenAI की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या टिप्पणी सामने नहीं आई है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े