‘पांड्या स्टोर’ फेम रोहित चंदेल गिरफ्तार, 16 साल की नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप
TV Actor Rohit Chandel Arrested: टीवी इंडस्ट्री से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। टीवी एक्टर रोहित चंदेल को एक 16 साल की लड़की का पीछा करने, बार-बार कॉल करने, परेशान करने और मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। 29 साल के यह एक्टर ‘काशीबाई बाजीराव बल्लाल’ में बाजीराव और ‘पांड्या स्टोर’ में धवल मकवाना का किरदार निभाने के लिए जाने जाते हैं। उन्हें हाल ही में टीवी शो ‘सैराब’ में देखा गया था।
एक्टर पर पॉक्सो के तहत केस दर्ज
पुलिस ने एक्टर रोहित चंदेल के खिलाफ ‘प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेज’ (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि, इस मामले पर अब तक न तो रोहित और न ही उनकी टीम ने कोई आधिकारिक बयान जारी किया है। POCSO एक्ट के अलावा, पंत नगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 और 115(2) भी लगाई हैं, जो पीछा करने और चोट पहुंचाने से संबंधित हैं।
एक्टर को 10 जुलाई को किया गया था गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक, चंदेल को शुक्रवार, 10 जुलाई को दहिसर स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया और बाद में एक स्पेशल POCSO कोर्ट में पेश किया गया, जिसने उन्हें पुलिस कस्टडी में भेज दिया। पूर्वी उपनगरों में रहने वाली एक लड़की की शिकायत के आधार पर, एक्टर पर आरोप है कि उन्होंने नाबालिग लड़की को अपने नंबर और कई अन्य फोन नंबरों से बार-बार कॉल करके परेशान किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि 5 जुलाई को चंदेल ने कथित तौर पर लड़की को उसकी रेजिडेंशियल ब्लिडिंग के पास रोका, उसका पीछा किया, उससे बहस की, उसे गालियां दीं और उसके साथ मारपीट की।
आरोपी और पीड़ित लड़की एक दूसरे को जानते थे
ईटाइम्स रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि आरोपी और नाबालिग एक-दूसरे को जानते थे। इस मामले पर बात करते हुए एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच चल रही है।”(एजेंसी)

