Sat. Jul 11th, 2026

गाजियाबाद में सड़क पर धू-धू कर जली DPSG स्कूल बस, समय रहते टला बड़ा हादसा

गाजियाबाद न्यूज : शनिवार सुबह गाजियाबाद के मेरठ रोड पर नंदग्राम चौराहे के पास अफरातफरी मच गई, जब नामचीन DPSG (दिल्ली पब्लिक स्कूल गाजियाबाद) की एक स्कूल बस में अचानक आग लग गई। कुछ ही पल में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और दूर से ही काले धुएं के गुबार दिखाई देने लगे। गनीमत रही कि आग लगने के समय बस में कोई स्कूली बच्चा सवार नहीं था। ड्राइवर समय रहते बस से बाहर निकलने में कामयाब रहा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

कोतवाली फायर स्टेशन को सुबह लगभग 9:26 बजे इस घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दो फायर टेंडर तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दिए गए। फायर टीम जब वहां पहुंची तो देखा कि बस पूरी तरह आग की लपटों में घिरी हुई थी और आग तेजी से फैल रही थी। फायरफाइटर्स ने होज लाइनों और होज रील की मदद से चारों तरफ से आग पर काबू पाने की कोशिश की और काफी मशक्कत के बाद वे आग को पूरी तरह बुझाने में सफल रहे।

दमकल विभाग के अनुसार, बस का रजिस्ट्रेशन नंबर UP-14 GT-6565 है और इसमें CNG किट लगी हुई थी। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। आग लगने की वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर किसी तकनीकी खराबी का शक है, लेकिन असली वजह की जांच की जा रही है।

इस घटना के दौरान कुछ समय के लिए मेरठ रोड पर ट्रैफ़िक भी बाधित रहा। आग की डरावनी लपटों और उठते हुए धुएं को देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बस के खाली होने और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। (एजेंसी)

About The Author