Fri. Jul 10th, 2026

छत्तीसगढ़ के 13 जिलों में तेज बारिश की चेतावनी, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

CG Weather Update: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूरे देश को अपनी चपेट में ले लिया है, लेकिन छत्तीसगढ़ में अभी भी सामान्य से कम बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के उत्तरी और मध्य भागों में बारिश की गतिविधि कमजोर रही, जबकि दक्षिणी जिलों में मध्यम बारिश हुई। राजधानी रायपुर में गुरुवार को दिन भर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश न होने के कारण उमस बढ़ गई और तापमान में भी वृद्धि हुई।मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई है। साथ ही कई जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

प्रदेश में सामान्य से 18% कम बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 18 प्रतिशत कम बारिश हुई है। हालांकि दक्षिण बस्तर डिवीजन के कुछ इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, लेकिन अधिकांश जिलों में अपेक्षित बारिश न होने के कारण वर्षा का आंकड़ा सामान्य से कम ही रहा। गुरुवार को रायपुर (माना) में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन इलाकों में हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. इनमें गंगालोर – 3 सेमी, दंतेवाड़ा, करपावंड, पेंड्रा रोड, गीदम, लोहंडीगुड़ा और सकोला – 2 सेमी प्रत्येक, और रेंगाखार कला, बस्तर, मरवाही, धनोरा, डोंगरगढ़, धबहारपुर और भैरमगढ़ – 1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, औसत समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका अनूपगढ़, रोहतक, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश में बने निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र, फुरसतगंज, डेहरी, धनबाद, बांकुरा और दीघा होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह सिस्टम अगले 24 घंटों में उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकता है, लेकिन इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर बना रहेगा।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दिन भर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आंधी, तेज हवाएं और बारिश की आशंका है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर (दंतेवाड़ा), बस्तर, कोंडागांव, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलोदा बाजार, जांजगीर-चंपा, रायगढ़, जशपुर और सरगुजा जिलों के निवासियों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने से बचने की सलाह दी गई है।

अगले चार दिन ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक जारी रह सकती है। दक्षिणी जिलों के कुछ स्थानों पर अपेक्षाकृत भारी बारिश की संभावना है, जबकि उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में भी बारिश की तीव्रता में धीरे-धीरे वृद्धि होने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।(एजेंसी)

About The Author