जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा हादसा, अमरनाथ यात्रा के 5 श्रद्धालु घायल
Jammu Srinagar National Highway Accident: शुक्रवार को अमरनाथ यात्रा पर निकले तीर्थयात्रियों के लिए बेहद चिंताजनक खबर आई। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां उधमपुर के पास टोल्डी नाले के नजदीक एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुखद दुर्घटना में पांच तीर्थयात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।जिस कार का एक्सीडेंट हुआ, वह जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से पहलगाम के लिए निकली थी, लेकिन रास्ते में नियंत्रण खो बैठी और राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर एक दीवार से टकरा गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अर्टिगा कार नंबर एमपी12जेडबी2836 शुक्रवार सुबह जम्मू से अमरनाथ यात्रा के निकले पहलगाम रूट वाले जत्थे में शामिल वाहनों के काफिले के साथ आगे बढ़ रही थी। सुबह सवा छह बजे के करीब जबह वाहन टोल्डी नाला इलाके से गुजर रहा था, चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया।सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, सुरक्षा बल और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे। घायल यात्रियों को तुरंत उधमपुर स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज के संबद्ध अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि एक यात्री सीमा गुप्ता की हालत गंभीर है।
महिला को जम्मू किया गया रेफर
गंभीर रूप से घायल श्रद्धालु सीमा गुप्ता को आगे के इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी), जम्मू रेफर कर दिया गया है। अन्य चार घायलों का इलाज जीएमसी उधमपुर में चल रहा है। इस बीच, उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा और उधमपुर-रियासी रेंज के डीआइजी शिव कुमार शर्मा ने घायलों के इलाज की व्यवस्था की समीक्षा करने के लिए जीएमसी, उधमपुर का दौरा किया।
वहीं, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने दुर्घटना पर चिंता व्यक्त की और एक्स पर बताया कि घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने उधमपुर के डीसी मिंगा शेरपा से बात की। उन्होंने कहा कि घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है और उनका कार्यालय जिला प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है ताकि उपचार और राहत कार्यों में कोई कमी न हो।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अमरनाथ यात्रा जारी
अमरनाथ यात्रा 2026 पूरे जोश के साथ चल रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर सीआरपीएफ की कड़ी सुरक्षा में तीर्थयात्री यात्रा कर रहे हैं। सीआरपीएफ के जवान राजमार्ग पर निर्बाध सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार सड़क खोलने के अभियान चला रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के अलावा, सीआरपीएफ की 84वीं बटालियन ने रामबन जिले के चंदरकोट में एक मोबाइल स्वास्थ्य शिविर स्थापित किया है। यह तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को 24 घंटे मेडिकल सहायता उपलब्ध करा रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले तीर्थयात्रियों ने CRPF की सुरक्षा और हेल्थकेयर सुविधाओं से बहुत संतुष्टि जताई है।
अब तक डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई को शुरू हुई। पहलगाम और बालताल मार्गों से तीर्थयात्रा सुचारू रूप से चल रही है। पहले सप्ताह में ही 150,000 से अधिक तीर्थयात्री बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। प्रतिदिन हजारों तीर्थयात्री पवित्र गुफा में पहुंच रहे हैं। यदि यह सिलसिला बिना किसी रुकावट के जारी रहा, तो 2026 की यात्रा हाल के वर्षों में सबसे अधिक भीड़ वाली यात्रा बन सकती है। अमरनाथ यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं ने भी जम्मू-कश्मीर प्रशासन की जमकर सराहना की है।

