Mon. Jul 6th, 2026

दिलजीत दोसांझ की ‘सतलुज’ OTT से क्यों हटाई गई? सामने आई बड़ी वजह

Satluj Movie Banned: दिलजीत दोसांझ की फ़िल्म ‘सतलुज’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ की इस फिल्म को भारत में OTT प्लेटफॉर्म ZEE5 से हटा दिया गया है। प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने के सिर्फ 48 घंटे के अंदर ही इसे हटा दिया गया, जिससे काफी विवाद पैदा हो गया। यह फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा की जिंदगी पर आधारित है।फिल्म को ओटीटी से भी बैन करने के फैसले से दिलजीत दोसांझ दुखी हैं। सोशल मीडिया पर इस फिल्म और इसे ओटीटी से हटाने को लेकर तरह-तरह की बातें कही जा रही हैं। अब सवाल है कि आखिर दिलजीत दोसांझ की फिल्म सतलुज को हटाने का फैसला क्यों और कैसे किया गया?

दरअसल OTTप्लेटफॉर्म ZEE5 से दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ को हटाने का फैसला हल्के-फुल्के ढंग से नहीं लिया गया था। फिल्म की अच्छी तरह से समीक्षा की गई और इसके कंटेंट की बारीकी से जांच और विश्लेषण किया गया। इसके बाद ही इसे प्लेटफॉर्म से हटाने का फैसला लिया गया। अधिकारियों ने चिंता जताई थी कि भारत-विरोधी तत्व फिल्म के कुछ हिस्सों का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं।

ओटीटी से क्यों हटी सतलुज

सूत्रों के मुताबिक, शुरुआत में ‘सतलुज’ को सिनेमाघरों में रिलीज करने की मंजूरी मांगी गई थी, लेकिन जिस रूप में इसे सेंसर बोर्ड के सामने पेश किया गया था, उसे मंजूरी नहीं मिली। इसलिए, सिनेमाघरों में रिलीज करने के बजाय ‘सतलुज’ को सीधे OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया। सूत्रों के अनुसार, OTT पर रिलीज होने के बाद फिल्म के कुछ हिस्सों को लेकर चिंताएं जताई गईं।उन्होंने कहा कि भारत-विरोधी तत्व फिल्म सतलुज के इन हिस्सों का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। यही कारण है कि अधिकारियों ने इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटाने के लिए कहा।

क्या है ओटीटी पर रिलीज का नियम

मौजूदा नियमों के तहत, OTT प्लेटफॉर्म पर सीधे रिलीज होने वाले कंटेंट के लिए पहले से सर्टिफिकेशन की जरूरत नहीं होती है। हालांकि, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ‘सेल्फ-रेगुलेटरी मैकेनिज़्म’ यानी अपने नियम खुद बनाने और उनका पालन करने की व्यवस्था के तहत काम करते हैं, और संवेदनशील या संभावित रूप से नुकसानदेह कंटेंट के मामले में वे सरकार की निगरानी के दायरे में रहते हैं।

जी5 का क्या कहना है

हालांकि, ZEE5 ने कन्फर्म किया है कि ‘सतलुज’ अभी भारत में उपलब्ध नहीं है। साथ ही, कंपनी ने कहा है कि वह फिल्म और उसके प्रोड्यूसर्स के साथ खड़ी है और इसे भारतीय दर्शकों के लिए फिर से उपलब्ध कराने की उम्मीद में जरूरी प्रक्रिया का पालन कर रही है।

‘सतलुज’ फिल्म को लेकर विवाद क्यों?

दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ विवादों में घिरी हुई है। यह फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन और पंजाब में कथित फेक एनकाउंटर जैसे संवेदनशील मुद्दों पर आधारित है। सेंसर बोर्ड ने फिल्म के कंटेंट पर आपत्ति जताई थी, जिसके कारण इसे सिनेमाघरों में रिलीज नहीं किया गया। बाद में, निर्माताओं ने फिल्म को एक OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया। हालांकि, बाद में भारत में इसकी OTT स्ट्रीमिंग भी रोक दी गई।(एजेंसी)

About The Author