Sat. Jul 4th, 2026

‘India’s Got Latent 2’ के मंच पर खाकी का जलवा, यूपी पुलिस के कॉन्स्टेबल को देख जजों के उड़े होश

India’s Got Latent 2: कॉमेडियन समय रैना का मशहूर रियलिटी शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ (India’s Got Latent Season 2) अपने दूसरे एपिसोड के साथ यूट्यूब पर धूम मचा रहा है। रिलीज होने के महज 3 घंटे के भीतर इस एपिसोड को 4.4 मिलियन (44 लाख) से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। इस बार जजिंग पैनल में समय रैना के साथ मशहूर कॉमेडियन हर्ष लिम्बाचिया, किकु शारदा और चंदन प्रभाकर मेहमान बनकर पहुंचे थे। लेकिन इस पूरे एपिसोड की लाइमलाइट लूट ली यूपी पुलिस के एक जांबाज कॉन्स्टेबल ने, जिनकी एंट्री से पूरे पैनल के होश उड़ गए।

जब गेटअप नहीं, ‘असली सिंघम’ स्टेज पर आ धमका

शो में उस वक्त माहौल बेहद हैरान कर देने वाला हो गया जब यूपी पुलिस की वर्दी पहने एक शख्स ने स्टेज पर एंट्री ली। शुरुआत में जजों को लगा कि कोई कंटेस्टेंट पुलिस का गेटअप या फैंसी ड्रेस पहनकर आया है। लेकिन जैसे ही सच सामने आया, सबकी सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई।

समय रैना ने तुरंत सवाल दागा “आप कौन से स्टेट की पुलिस हैं? आपको पता है ना कि कोई भी पुलिस की वर्दी ऐसे ही नहीं पहन सकता।” इस पर कंटेस्टेंट ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि उन्हें यह वर्दी पहनने की पूरी इजाजत है क्योंकि वह यूपी पुलिस के असली कॉन्स्टेबल हैं और उनका नाम कपिल दिनकर है।

डर के मारे समय रैना ने पिलाई चाय!

जैसे ही समय रैना और बाकी जजों को यकीन हुआ कि सामने असली पुलिसवाले खड़े हैं, शो का माहौल हंसी के ठहाकों से गूंज उठा। समय रैना तुरंत अपनी सीट से खड़े हुए, कपिल के पास गए और उनकी खातिरदारी में लग गए। समय ने ऑन-कैमरा अपनी टीम से कहकर कपिल दिनकर के लिए खास तौर पर चाय मंगवाई। समय की इस फनी हरकत और ‘पुलिस के खौफ’ को देखकर ऑडियंस लोटपोट हो गई।

“यूपी में क्या क्राइम बिल्कुल खत्म हो गया है?”

मंच पर समय रैना ने अपने चिरपरिचित अंदाज में कपिल से मजे लेते हुए पूछा “आप यहां मुंबई में आकर गाना-वाना गा रहे हैं, यूपी में क्राइम बिल्कुल खत्म हो गया है क्या?”

इस पर कॉन्स्टेबल कपिल दिनकर ने बेहद शानदार और गर्व से भरा जवाब दिया। उन्होंने कहा:

“यूपी में अपराध बिल्कुल कम हो गया है। वहां पकड़े गए अपराधियों में से 93 फीसदी को सजा दिलाई जा चुकी है। इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा के लिए 5 हजार से ज्यादा ‘मिशन शक्ति’ की टीमें लगातार काम कर रही हैं।”

कपिल ने भी समय रैना की खिंचाई करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि वह इस बार शो बंद होने से पहले ही खुद जायजा लेने (चेकिंग करने) आ गए हैं।

अरुणाचल की जैनी ने जीता दिल, लेकिन कपिल दिनकर बने ‘एपिसोड विनर’

इस एपिसोड में अरुणाचल प्रदेश से आईं कंटेस्टेंट जैनी कमकी ने भी अपने टैलेंट से पूरे पैनल को काफी इम्प्रेस किया। लेकिन महफिल लूटने का काम कॉन्स्टेबल कपिल दिनकर ने किया। कपिल ने स्टेज पर अपना सिंगिंग टैलेंट दिखाया। उन्होंने बताया कि जो गाना वो गाने जा रहे हैं, उसे उन्होंने खुद ही लिखा है और खुद ही कंपोज भी किया है। उनकी बेहतरीन परफॉर्मेंस और शानदार सेंस ऑफ ह्यूमर के चलते वह इस एपिसोड के महाविजेता (Winner) बने और उन्होंने ₹1 लाख का नकद इनाम अपने नाम किया।

About The Author