Fri. Jul 3rd, 2026

सिर्फ चेहरे ही नहीं, बालों के लिए भी वरदान है मुल्तानी मिट्टी, बाल बनेंगे सिल्की और मजबूत

Multani Mitti for Hair: लगभग हर कोई लंबे, घने और मजबूत बाल चाहता है। इसे पाने के लिए लोग महंगे हेयर प्रोडक्ट्स से लेकर तरह-तरह के घरेलू नुस्खे आजमाते हैं। इनमें से एक है मुल्तानी मिट्टी। जी हां, वही मुल्तानी मिट्टी जिसका इस्तेमाल ज्यादातर लोग चेहरे की देखभाल के लिए करते हैं, बालों के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है।

यह स्कैल्प को साफ रखने, अतिरिक्त तेल हटाने और बालों को स्वस्थ बनाने में मदद कर सकता है। अगर आप अपने बालों की देखभाल के लिए प्राकृतिक और असरदार तरीका ढूंढ रहे हैं, तो मुल्तानी मिट्टी का हेयर मास्क एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। आइए जानते हैं बालों पर मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल कैसे करें।

2-3 बड़े चम्मच मुल्तानी मिट्टी पाउडर
जरूरत के अनुसार पानी
2 बड़े चम्मच दही
1 बड़ा चम्मच एलोवेरा जेल

मुल्तानी मिट्टी बालों पर कैसे लगाएं?

सबसे पहले, मुल्तानी मिट्टी को दही, एलोवेरा जेल और थोड़े से पानी के साथ मिलाकर एक चिकना पेस्ट तैयार करें। इस पेस्ट को बालों की जड़ों से शुरू करते हुए पूरे बालों में अच्छी तरह लगाएं। फिर, शावर कैप पहनें और इसे लगभग 30 मिनट तक लगा रहने दें। 30 मिनट बाद गुनगुने पानी से बाल धो लें और फिर माइल्ड शैंपू व कंडीशनर का इस्तेमाल करें। बेहतर रिजल्ट के लिए इस हेयर मास्क का इस्तेमाल हर दो सप्ताह में एक बार कर सकते हैं।

गिरते बालों के लिए

एक कटोरी में दो चम्मच मुल्तानी मिट्टी, एक चम्मच दही, एक चौथाई चम्मच काली मिर्च पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। इसके बाद इसे बालों की जड़ों में लगा लें और करीब आधे घंटे बाद सादे पानी से सिर धो लें।

ऑयली और डैंड्रफ वाले बालों के लिए

अगर आपके बाल ऑयली हैं या आपको डैंड्रफ की समस्या रहती है तो मुल्तानी मिट्टी के पेस्ट में नीम पाउडर या नीम का पेस्ट और थोड़ा नारियल तेल मिलाकर लगाएं। इस मिश्रण को स्कैल्प और बालों पर लगाकर 45 मिनट तक छोड़ दें, फिर माइल्ड शैंपू से बाल धो लें।

जड़ों को मजबूत बनाने के लिए

एक कटोरी में मुल्तानी मिट्टी और एलोवेरा जेल को बराबर भाग में मिला लें और इस मिश्रण में आधा नींबू का रस मिलाएं। अब इस हेयर मास्क को लगाने से पहले बालों को विभाजित करें और ब्रश का उपयोग करके मुल्तानी मिट्टी के हेयर मास्क को जड़ से सिरे में अच्छी तरह से लगाएं। फिर 20-30 मिनट तक लगा रहने के बाद शैंपू से धो लें।

दो-मुंहे बालों के लिए

दो-मुंहे बालों से निजात पाने के लिए मुल्‍तानी मिट्टी को भिगोकर रख दें और इसका पेस्ट बनाकर अपने बालों में ठीक ढंग से लगाएं और लेप सूख जानें के बाद इसे धो लें।

रूखे और बेजान बालों के लिए

अगर आपके बाल रूखे और बेजान हैं तो नीम की जगह दही और शहद मिलाकर हेयर मास्क तैयार करें। यह बालों को नमी देने और उन्हें मुलायम बनाए रखने में मदद कर सकता है।

इन बातों का रखें ध्यान

मुल्तानी मिट्टी से बने हेयर मास्क को बालों पर पूरी तरह सूखने न दें, क्योंकि सूखने के बाद इसे हटाना मुश्किल हो सकता है।

मास्क हटाने के बाद हमेशा माइल्ड शैंपू और कंडीशनर का इस्तेमाल करें।

हफ्ते में एक बार से ज्यादा इसका इस्तेमाल न करें।

जिन लोगों के बाल बहुत ज्यादा रूखे हैं, उन्हें मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल सावधानी से करना चाहिए। ऐसे में इसे दही, दूध या शहद जैसी मॉइस्चराइजिंग चीजों के साथ मिलाकर ही लगाएं। (एजेंसी)

About The Author